प्रभारी मंत्री संजय शर्मा बोले-कांग्रेस नेताओं में बयानों की होड़:वो भी बड़े बयान देते हैं जो रुठकर होटलों में जाकर बैठ गए थे, अगले बजट में सीकर को नगर निगम बनाने की उम्मीद

वन-पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं में बयान देने की होड़ मची हुई है। वे भी बयान दे रहे हैं जो अपनी ही सरकार में रुठकर होटलों में जाकर बैठ गए थे। कांग्रेस ने सरकार जाते-जाते बिना इंफ्रास्ट्रक्चर के सीकर संभाग और नीमकाथाना जिले की घोषणा की। गोविंद डोटासरा-टीकाराम जूली-अशोक गहलोत-सचिन पायलट सब बयानों में बिजी रहते हैं। वो प्रदेश सरकार पर आरोप‌ लगाते हैं लेकिन पिछले 2 साल में सड़क पर एक भी आंदोलन नहीं कर पाए। ये सिर्फ बेवजह आरो लगाते हैं। प्रदेश सरकार ने चुनावी घोषणा पत्र के सभी 2 साल में पूरा कर दिए। अब सभी विधायकों और विधानसभा प्रत्याशियों से सुझाव लेकर भविष्य के विकास कार्य किए जाएंगे। निश्चित रूप से सीकर नगर परिषद सीकर नगर निगम बनना चाहिए इसके लिए मुख्यमंत्री को अवगत करवाया जाएगा और प्रयास रहेगा कि जल्द ही सीकर नगर परिषद भी नगर निगम बने। सीकर में राज्य सरकार के 2 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में वन व पर्यावरण जिला प्रभारी मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि राजस्थान की भजनलाल सरकार ने दोनों बजट में पक्ष और विपक्ष दोनों जनप्रतिनिधियों की आकांक्षाओं और जन भावनाओं के अनुरूप बजट दिया है। बजट के इंप्लीमेंट के लिए भी अधिकारियों को समय-समय पर निर्देशित किया गया है। गत गहलोत सरकार में पेपर लीक जैसी घटनाएं सामने आती थीं, उन पर पिछले 2 साल में अंकुश लग गया है। राज्य सरकार की योजनाओं का प्रचार प्रसार करने के लिए रथ भेजे जा रहे हैं। हर रथ में एक सुझाव पेटिका भी रखी गई है जिसमें आमजन अपने सुझाव डाल सकते हैं, जो सीधे मुख्यमंत्री के पास पहुंचेंगे। आमजन की ओर से दिए गए सुझावों पर राज्य सरकार काम करेगी। सीकर के नानी बीहड़ में बने गंदे पानी की समस्या के समाधान पर बोलते हुए प्रभारी मंत्री शर्मा ने कहा कि यह समस्या वर्षों पुरानी समस्या है, जिस पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रदेश सरकार को अवगत करवाया है। जिला प्रशासन ने सीएस आर फंड से भी समाधान करवाने के लिए उचित कदम उठाए हैं। अगले मानसून से पहले ही नानी बीहड़ के कच्चे डैम के टूटने की समस्या का स्थाई समाधान कर दिया‌ जाएगा। प्रदेश में ट्रांसफर पॉलिसी पर बोलते हुए प्रभारी मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि कैबिनेट की मीटिंग में इस विषय पर विस्तार से चर्चा हुई थी। मीटिंग में अलग-अलग राज्यों की ट्रांसफर पॉलिसी को भी देखा गया और ट्रांसफर पॉलिसी अभी प्रक्रियाधीन है, जल्द ही राजस्थान में भी ट्रांसफर पॉलिसी लागू होगी। चुनाव करवाने में राज्य सरकार का कोई हस्तक्षेप नहीं होता, चुनाव कराने का काम चुनाव आयोग का होता है। पहले परिसीमन का मामला था और अब ओबीसी आयोग जब अपनी रिपोर्ट सौंपेगा उसके बाद चुनाव की तिथि की घोषणा हो जाएगी। प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में पैंथर की आबादी क्षेत्र में घुसने के सवाल पर प्रभारी मंत्री संजय शर्मा बोले की राजस्थान में पैंथर बड़ी संख्या में है। उन्होंने कहा कि सरकार के पास प्रदेश में कितने पैंथर है इसका आंकड़ा नहीं है, हालांकि मुख्यमंत्री ने बजट जारी करते हुए निर्देश दिए हैं कि जिस तरह से टाइगर की गणना होती है इस तरह से पैंथर की भी गणना की जाए। पूरे प्रदेश में अब पैंथर की गणना शुरू हो चुकी है, चाहे वह कैमरा ट्रैकिंग के माध्यम से हो या पगमार्क के माध्यम से हो या अन्य जो भी संसाधन है उनसे पैंथर की गणना का काम शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में लगातार पैंथर का मूवमेंट बढ़ रहा है। इसका मुख्य कारण वन क्षेत्र में अतिक्रमण और आबादी क्षेत्र का बढ़ता है, जिसकी ही परिणीति है कि शहरी क्षेत्र में पैंथर का मूवमेंट बढ़ रहा है। इसके साथ ही पैंथर का जो मूलभूत भोजन अन्य जानवर के रूप में होता है उसमें भी काफी कमी आई है जिसके चलते पैंथर शहरी क्षेत्र में घूमने वाले कुत्ते और बकरी को भोजन के रूप में करने की तलाश में शहरी क्षेत्र में आते हैं। उन्होंने कहा कि जयपुर में पिछले 1 महीने में विधायक आवास सहित आवासीय कॉलोनी में पैंथर का मूवमेंट हुआ है। हालांकि जयपुर के तीनों तरफ पैंथर रिजर्व भी बनाए गए हैं, लेकिन वन विभाग की ओर से बनाई गई दीवार को तोड़ दिया गया और अतिक्रमण भी लोगों ने कर लिए है। लेकिन अब अतिक्रमण हटाने के साथ ही दीवार को भी दुरुस्त करवाया जाएगा। इसके साथ ही जो चिन्हित पैंथर है उनके गले में भी ट्रैकिंग यंत्र डालकर उनका मूवमेंट ट्रैक किया जाएगा। इसके साथ ही जयपुर में 24 घंटे पैंथर की निगरानी के लिए वनकर्मी लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास रहेगा कि पूरे प्रदेश में कहीं भी आबादी क्षेत्र में तंत्र का मूवमेंट नहीं हो। दिव्या मित्तल को क्लीन चिट देने के सवाल पर प्रभारी मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि ऐसे बहुत सारे अधिकारी है जिन पर लोक अभियोजन की स्वीकृति मुख्यमंत्री ने दी है, अब किस कारण से दिव्या मित्तल को दी गई है यह अभी तक पूरी जानकारी नहीं है आज ही अखबार में ये सब कुछ पढ़ा है। सरकार मामले में परीक्षण करवाएगी और अगर दोषी है तो निश्चित रूप से उनके खिलाफ कार्रवाई होगी। सरकार के 2 साल के कार्यकाल की वर्षगांठ पर मनाए जा रहे जश्न पर पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा के पर उठाए सवाल पर बोलते हुए कहा कि विधानसभा नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, कांग्रेस नेता सचिन पायलट और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ऐसे नेता है जो सुबह उठते और रात को सोते समय मीडिया के सामने जाकर सरकार को खोजते हैं और सरकार की नीतियों के खिलाफ बोलते हैं। कांग्रेस की SIR के विरोध में 14 तारीख को दिल्ली में होने वाली रैली व SIR पर उठाए सवाल पर बोलते हुए प्रभारी मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने SIR को लेकर पूरे देश में प्रदर्शन कर लिया और बिहार की जनता ने उनका जवाब भी दे दिया। प्रभारी मंत्री शर्मा ने कहा है कि 2014 के बाद देश की जनता कांग्रेस को अलग-अलग चुनाव में लगातार जवाब भी दे रही है। SIR का कांग्रेस कितना ही विरोध कर ले, देश की जनता ने ठान लिया है कि कांग्रेस को घर से बाहर बैठाना है। कांग्रेस निश्चित रूप से आने वाले 2047 तक सिर्फ धरना प्रदर्शन ही करेंगे इसके अलावा उनके पास कोई काम नहीं बचेगा। इस दौरान धोद विधायक गोरधन वर्मा, खंडेला विधायक सुभाष मील, पूर्व विधायक रतन जलधारी, भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज बाटड़, जिला कलेक्टर मुकुल शर्मा, पुलिस अधीक्षक प्रवीण नायक नूनावत सहित भारतीय जनता पार्टी के कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *