भास्कर न्यूज | बेनूर नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले के आदिवासी अंचलों के युवाओं के लिए 17वां आदिवासी युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम एक नई सोच, नया आत्मविश्वास और नए भारत की झलक लेकर आया। केवड़िया (गुजरात) के शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक भ्रमण के बाद आईटीबीपी 53वीं वाहिनी जलवाड़ी नारायणपुर में इस कार्यक्रम का समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत नारायणपुर जिले के नक्सल प्रभावित गांवों से 18 से 22 वर्ष आयु वर्ग के 20 छात्र-छात्राओें को 18 से 26 जनवरी तक गुजरात भ्रमण पर भेजा गया। इस दल को 53वीं वाहिनी के सेनानी संजय कुमार के मार्गदर्शन एवं द्वितीय कमान संजय कुमार भारद्वाज के नेतृत्व में केवड़िया के लिए रवाना किया गया था। समापन समारोह को संबोधित करते हुए द्वितीय कमान संजय कुमार भारद्वाज ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों का उद्देश्य आदिवासी युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन और आत्मविश्वास का विकास करना है। उन्होंने कहा कि युवा जब देश के विभिन्न हिस्सों को देखते हैं, तो राष्ट्रीय एकता, सांस्कृतिक विविधता और आधुनिक भारत की विकास यात्रा को नजदीक से समझ पाते हैं। इससे वे सकारात्मक सोच के साथ समाज और राष्ट्र के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित होते हैं। भ्रमण से लौटे युवाओं ने इसे अपने जीवन का अविस्मरणीय अनुभव बताए। उन्होंने बताया कि स्टैच्यू ऑफ यूनिटी, सरदार वल्लभाई पटेल के जीवन और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान, लेजर शो, अडानी पोर्ट, अमूल दूध फैक्ट्री, नीलकंठ मंदिर सहित कई महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण कर उन्हें देश की प्रगति को करीब से देखने का अवसर मिला।


