सिटी रिपोर्टर | बोकारो क्रिसमस को लेकर बोकारो इस्पात नगर के सेक्टर-4 स्थित सेंट मेरी चर्च, सिटी चर्च, सेक्टर-12 चर्च, चास और बालीडीह के चर्चों को रंग-बिरंगे बिजली बल्बों और सजावटी रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया, जिससे पूरा क्षेत्र उत्सवमय नजर आया। क्रिसमस की पूर्व संध्या पर सेंट मेरी चर्च में विशेष जागरण का आयोजन हुआ। इस दौरान पादरी ने अपने संदेश में कहा कि प्रभु यीशु मानवता को प्रेम, शांति, करुणा और क्षमा का मार्ग दिखाने धरती पर आए। उन्होंने कहा कि प्रेम से नफरत को पराजित किया जा सकता है और क्षमा के माध्यम से दुश्मन को भी अपना बनाया जा सकता है। प्रभु यीशु के बताए मार्ग पर चलकर ही समाज में सद्भाव और भाईचारा कायम रह सकता है। क्रिसमस को लेकर शहर के बाजारों में भी रौनक देखने को मिली। सिटी चर्च और सेंट मेरी चर्च सहित अन्य चर्चों में विशेष प्रार्थना सभाएं हुई।


