आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की जांच लगातार जारी है। एसीबी इस मामले में निलंबित आईएएस विनय कुमार चौबे व उनके सहयोगियों के अलग-अलग बयान का मिलान कर जांच को आगे बढ़ा रही है। इस पूरे प्रकरण में अब तक विनय कुमार चौबे, उनकी पत्नी स्वप्ना संचिता, साला शिपिज त्रिवेदी व सरहज प्रियंका त्रिवेदी का बयान एसीबी ले चुका है। अब इस मामले में एसीबी 27 दिसंबर से रिमांड पर लेकर विनय सिंह से पूछताछ करेगी। एसीबी ने जांच में पाया कि विनय कुमार चौबे व उनकी पत्नी के बयान में अंतर आया है। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में विनय कुमार चौबे के काले धन का निवेश करने में उनके सहयोगियों की भूमिका की भी एसीबी जांच कर रही है। इसके लिए एसीबी ने उनके आपसी वित्तीय लेन-देन, बैंकिंग ब्यौरे भी खंगाल रही है। एसीबी को इस मामले में जिस संपत्ति को लेकर संदेह हो रहा है, उसका सत्यापन किया जा रहा है।


