चूरू एसपी जय यादव का प्रमोशन होने पर बुधवार को उनकी मां चन्द्रकान्ता ने एसपी ऑफिस पहुंचकर उनकी वर्दी पर स्टार लगाये और बेटे को आशीर्वाद दिया। आईपीएस बेटे की उपलब्धियों पर भावुक हुई मां चंद्रकांता ने इस मौके पर एसपी जय यादव को खुश रहने और तरक्की करने की शुभकामनाएं दीं। 2012 बैच के भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी 39 वर्षीय जय यादव को प्रमोशन देते हुए उन्हें चयन वेतन श्रृंखला में पदौन्नत किया गया है। इस दौरान एसपी यादव ने बताया कि चूरू पुलिस द्वारा गत वर्ष अर्जित उपलब्धियां बताते हुए कहा कि जिला लंबित प्रकरणों का निस्तारण में प्रदेश में टॉप तीन में शामिल हुआ है। गत वर्ष चूरू पुलिस ने बड़ी वारदातों का भी तुरंत खुलासा करते हुए अपराधियों को गिरफ्तार किया है। तुलनात्मक रूप से गत साल अपराध के ग्राफ में भी गिरावट आई है। उन्होंने बताया कि जिले में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाये रखने के लिए चूरू पुलिस हर समय तैयार रहती है। बड़ी वारदात होने के बाद पुलिस अलर्ट होकर उसके खुलासे के प्रयास शुरू कर देती हैं। उन्होंने बताया कि फिलहाल जिले में जो भी बड़ी वारदात हुई है। उनका लगभग खुलासा हो चुका है।


