धौलपुर जिले की बसेड़ी थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर हनी ट्रैप के मामले का खुलासा किया है। एक युवती सहित पांच आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। युवती ने इंस्टाग्राम पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर युवक को झांसे में फंसाया था। बसेड़ी थाना प्रभारी बृजेश मीणा ने बताया कि 31 दिसंबर 2024 को पीड़ित ने हनी ट्रैप का मामला दर्ज कराया था। रिपोर्ट में आरोप था कि 21 दिसंबर 2024 को उसके इंस्टाग्राम पेज पर एक युवती की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी। फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार करने के बाद युवती के मैसेज आने शुरू हो गए। इस दौरान कई बार वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत हुई थी। रिपोर्ट में बताया कि युवती ने 29 दिसंबर 2024 को उसे धौलपुर बुला लिया। धौलपुर शहर में एक होटल में युवती उसे अपने साथ ले गई। होटल में दोनों ने सहमति से शारीरिक संबंध बनाए। होटल से निकलने के बाद युवती ने अपने चार साथियों को बुला लिया। चारों आरोपी युवक का अपहरण कर ले गए। आरोपियों ने 4 लाख रुपए की डिमांड की। रुपए नहीं देने पर रेप के मामले में फंसाने की धमकी दी। रिपोर्ट में बताया कि पीड़ित ने अपने भाई को बुलाया। जो 2 लाख रुपए लेकर पहुंच गया। तब आरोपियों ने पीड़ित को मुक्त किया। चंगुल से मुक्त होने के बाद आरोपी 2 लाख रुपए और मांग रहे थे। इसके बाद पीड़ित ने बसेड़ी पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने मामले में आरोपी युवती सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से हनी ट्रैप के माध्यम से ठगी के 2 लाख रुपए की राशि को भी बरामद किया है। जिनसे पुलिस पूछताछ कर रही है। कंटेंट- अंकित गर्ग, बसेड़ी


