हजारीबाग के चौपारण प्रखंड में अहले सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया है। प्रयागराज से बोकारो जा रही राहुल बस ने सड़क किनारे खड़े ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में कई श्रद्धालु घायल हो गए हैं। घटना चोरदाहा चेक पोस्ट के पास हुई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी घायलों को चौपारण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। कुछ गंभीर रूप से घायल यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। घायलों में महिलाएं और पुरुष दोनों शामिल हैं। तेज रफ्तार में थी बस, खड़े ट्रक से टकराई प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार बस के चालक को खड़े ट्रक का पता नहीं चल पाया, जिससे यह हादसा हुआ। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यातायात बाधित हो गया। बता दें कि कुंभ मेले के कारण पिछले 72 घंटों से चोरदाहा क्षेत्र में एनएच-2 पर लंबा जाम लगा हुआ है। इस जाम की वजह से वाहनों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। यात्री परेशान हैं। पुलिस प्रशासन हादसे की जांच कर रही है।


