चित्तौड़गढ़ | गत दिनों पहुंना से तीन किमी बाहर लालपुरा रास्ते पर हुए कार हादसे में पहुंना निवासी वाल्मीकि प्रवीण की मृत्यु मामले की जांच करने की मांग को लेकर समस्त वाल्मीकि समाज एवं परिजनों ने एसपी को ज्ञापन सौंपा। इसमें इस घटना को लूटपाट कर हत्या करने की आशंका जताते हुए विस्तृत जांच की मांग की। ज्ञापन में कहा कि दो जनवरी को उक्त स्थान पर एक कार के दुर्घटनाग्रस्त मिलने और उससे कुछ दूरी पर ही पहुंना निवासी प्रवीण वाल्मीकि को मृत अवस्था में पाया गया था। पुलिस द्वारा जांच में कार के अनियंत्रित होकर दुर्घटना बताया गया। जबकि परिजनों व समाज के लोगों द्वारा पुलिस जांच से असंतुष्टी जाहिर करते हुए इसे लूटपाट से हुई मृत्यु बताया और हत्या की आशंका जताई। समाजजनों के अनुसार घटना स्थल पर गाड़ी की स्थिति को देखते हुए साथ ही प्रवीण के पास मोबाइल व नगदी सहित बेग था जो गायब मिले और कार की स्टेफनी भी नदारद मिली। मृतक प्रवीण की जुराबें खुली मिली, बेड शीट का कपड़ा बॉडी के पास मिलना सहित कई ऐसे तथ्यों से आशंका जताई गई की उसकी हत्या हुई है। जिसकी गहनता से उच्च स्तरीय जांच कर सही तथ्य उजागर करने और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की गई। ग्रामीणों के अनुसार घटना वाले रास्ते में पूर्व में भी दो-तीन बार लूटपाट व मारपीट आदि घटनाएं भी हो चुकी है जिसमें कार भी जलाई गई थी। मृतक के पिता बंशीलाल नकवाल के साथ विजय चौहान, प्रकाश राठौड़, राजन मल्हौत्रा, छवि देशबन्धु, रतन लोठ, हरीश घावरी, देवीलाल नकवाल, शंभूलाल नकवाल, डालचंद नकवाल, दिनेश नकवाल, अशोक नकवाल, नरेश नकवाल, छोटू मौजूद रहे।


