भास्कर न्यूज | डंडई पचौर पंचायत सचिवालय के प्रांगण में गुरुवार को सरकार के दिशा-निर्देशों के आलोक में प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत सुशासन सप्ताह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना तथा जन-समस्याओं का त्वरित निष्पादन करना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंचायत की मुखिया सरिता कुमारी सिंह ने की। उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि सुशासन तभी सार्थक है जब सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से निडर होकर अपनी समस्याएं रखने का आग्रह किया, ताकि उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके। बैठक में पंचायत कर्मियों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। इस अवसर पर पंचायत सचिव के साथ प्रखंड समन्वयक सह पर्यवेक्षक कुमार सानू केसरी, पंचायत सहायक जितेंद्र कुमार रवि, नीलम कुमारी एवं बिन्दु कुमार रवि उपस्थित रहे। कर्मियों द्वारा ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी फॉर्म भरने, योजनाओं के लिए पंजीकरण तथा डिजिटल सेवाओं का लाभ उठाने की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। प्रमुख रूप से मुखिया प्रतिनिधि कृष्णकांत सिंह, देवकुमार साह, बलराम सिंह, मृत्युंजय सिंह, राजेश राम, मुकेश गुप्ता, रविंद्र राम, यमुना राम, मुन्नी लाल कुमार रवि एवं गिरजा राम शामिल थे। ग्रामीणों ने पंचायत के विकास, पारदर्शिता और सुशासन को लेकर अपने बहुमूल्य सुझाव भी साझा किए। पंचायत सचिव ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ग्रामीणों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए प्रखंड कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। सुशासन सप्ताह के तहत लंबित आवेदनों का निपटारा तथा नई योजनाओं के लिए पंजीकरण को प्राथमिकता दी जा रही है।


