भास्कर न्यूज | गढ़वा गुरुवार को बीएसकेडी पब्लिक स्कूल परिसर में आयोजित दो दिवसीय खेल महोत्सव का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर खेल भावना, अनुशासन और उमंग से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम में जिला के उपायुक्त दिनेश कुमार यादव एवं पुलिस अधीक्षक अमन कुमार की उपस्थिति ने आयोजन की शोभा बढ़ा दी। मुख्य अतिथियों का विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों द्वारा पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। खेल महोत्सव का उद्घाटन उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा संयुक्त रूप से मशाल प्रज्वलन, खेल ध्वज फहराकर तथा रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में उड़ाकर किया गया। जैसे ही गुब्बारे आसमान में छोड़े गए। पूरा परिसर तालियों की गूंज से भर उठा। यह दृश्य खेल, शांति और उत्साह के प्रतीक के रूप में सभी के लिए प्रेरणादायक रहा। उद्घाटन के पश्चात विद्यार्थियों द्वारा अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया गया। विभिन्न हाउस एवं वर्गों के विद्यार्थियों ने एक समान वेशभूषा में कदमताल करते हुए अनुशासन और एकजुटता का शानदार परिचय दिया। इसके बाद विद्यार्थियों ने आकर्षक ड्रिल प्रदर्शन प्रस्तुत किया। जिसमें तालमेल, लय और अभ्यास का अद्भुत समन्वय देखने को मिला। विद्यार्थियों द्वारा ली गई खेल शपथ ने सभी को खेल भावना, ईमानदारी और नियमों के पालन के लिए प्रेरित किया। इन प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों और अतिथियों को मंत्रमुग्ध कर दिया। खेल महोत्सव के दौरान कुल 38 विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें ट्रैक एंड फील्ड इवेंट्स के साथ-साथ विभिन्न इनडोर और आउटडोर खेल शामिल रहे। प्रत्येक खेल प्रतियोगिता के लिए खेल की प्रकृति के अनुरूप विशेष ड्रेस कोड निर्धारित किया गया था। इसके साथ ही छोटे वर्गों के विद्यार्थियों के लिए फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। जिससे पूरा वातावरण रंगीन, आकर्षक और जीवंत नजर आया। खेल प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। मैदान पर कहीं तेज दौड़ तो कहीं संतुलन और कौशल का प्रदर्शन देखने को मिला। शिक्षकों और खेल प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन कर उनका उत्साहवर्धन किया। अभिभावकों ने भी बच्चों का हौसला बढ़ाने के लिए तालियों के माध्यम से उनका समर्थन किया। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के लिए प्रमाण पत्र एवं पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। पुरस्कार वितरण के दौरान मुख्य अतिथियों ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ-साथ मानसिक मजबूती और आत्मविश्वास को भी बढ़ाते हैं। अपने संबोधन में उपायुक्त दिनेश कुमार यादव ने कहा कि खेल बच्चों के जीवन में अनुशासन, समय प्रबंधन और टीम भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने विद्यार्थियों को खेल के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रहने का संदेश दिया। विद्यालय के निदेशक संजय सोनी ने कहा कि खेल महोत्सव का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना का विकास करना है। कॉक रेस प्रतियोगिता में सार्थक दुबे ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। जबकि मोहम्मद अदनान रजा ने द्वितीय तथा दिव्यांशु कुमार पासवान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी तरह कौन बैलेंसिंग रेस में सादिया फातिमा, श्रद्धा कुमारी, अर्चना गुप्ता, डक रेस में अरुण कुमार गुप्ता, उत्सव कुमार तिवारी, लक्ष्य, ऑक्टोपस रेस में सूरज कुमार, आदिल अली, आकाश राज, विराट, सत्यम, आशीष, आयुष गुप्ता, रितेश कुमार, विक्रांत यादव, नमन कुमार, अनीश कुमार, आशुतोष कोरवा, हॉपिंग रेस में प्रियंका, आकृति, श्रेया कुशवाहा, पॉट रेस में मीनाक्षी कुमारी, अनन्या गौतम, कहकशां परवीन, प्लेट बाल बैलेंसिंग रेस में नजमीन खातून, रिया कुमारी, साक्षी कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, फ्रॉग रेस में नवनीत कोरवा, आवेश रजा, पवन कुमार, क्रोकोडाइल रेस में आयुष्मान जायसवाल, चांदनी कुमार, आमिर रजा, यशराज, आयुष कुमार पांडेय, आयुष कुमार, अर्श कुमार गुप्ता, पीयूष त्रिवेदी आदि ने क्रमशः प्रथम द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया।


