भास्कर न्यूज | मुंगेली राष्ट्रीय विज्ञान व संचार परिषद नई दिल्ली तथा छत्तीसगढ़ विज्ञान व प्रौद्योगिकी परिषद रायपुर के तत्वावधान में पीएम श्री स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी विद्यालय दाऊपारा में जिला स्तरीय राष्ट्रीय विज्ञान दिवस का आयोजन किया गया। इस वर्ष के कार्यक्रम का मुख्य विषय (थीम) विज्ञान में महिलाएं – विकसित भारत को गति देने वाली रखा गया, जिसके माध्यम से विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं की महत्वपूर्ण भागीदारी को रेखांकित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन व माल्यार्पण के साथ हुआ। जिला शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले भर के विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान विज्ञान मॉडल, पोस्टर मेकिंग, प्रश्नोत्तरी (क्विज) और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक सोच और नवाचार के माध्यम से भविष्य के विकसित भारत की एक झलक प्रस्तुत की। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में पीएम श्री सेजेस दाऊपारा के आर्यन व समीर बंजारा ने प्रथम स्थान हासिल किया। शासकीय हाईस्कूल लगरा के उमेश व विजय द्वितीय और झाफल के चंद्रभान व तुषार तृतीय स्थान पर रहे। विज्ञान मॉडल में वैदेही ने प्रथम, श्रद्धा ने द्वितीय और प्रवीण ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। रंगोली में वर्षा और पोस्टर मेकिंग में सुधांशु ने अपनी कला और विज्ञान के मेल से प्रथम स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को प्रमाण पत्र और मोमेंटो प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। मुख्य अतिथि डॉ. जेपी मिश्र विज्ञान महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. एनके. पुरले ने सीवी. रमन के योगदान और विज्ञान दिवस की महत्ता पर प्रकाश डाला। जिला संयोजक व प्राचार्य अशोक कुमार राजपूत ने दैनिक जीवन में तकनीक की भूमिका समझाई। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. आईपी यादव ने सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में तार्किक क्षमता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का विकास होता है। इस अवसर पर सेवानिवृत्त व्याख्याता शंकर सिंह राजपूत सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं और कर्मचारी उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यक्रम के सफल संचालन में योगदान दिया।


