प्राइवेट बस स्टैंड पर खुले आम चल रहा था सट्टा:पुलिस चौकी से महज 70 मीटर के दायरे में चल रहे थे जुए सट्टे के तीन अड्डे, मुखबीर की सूचना पर 6 आरोपी गिरफ्तार

​नागौर शहर के व्यस्ततम प्राइवेट बस स्टैंड इलाके में ट्रेनी आईपीएस अदिति उपाध्याय के नेतृत्व में जुए और सट्टे के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पुलिस चौकी से महज 70 मीटर की दूरी पर स्थित तीन दुकानों में लंबे समय से अवैध जुआ सट्टा चल रहा था। इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने छह आरोपियों को हिरासत में लिया है और मौके से लगभग 9110 रुपये की नकदी बरामद की है। कार्रवाई की भनक लगते ही सटोरियों में हड़कंप मच गया और वे खुद को बचाने के लिए छतों की ओर भागने लगे। ​ छतों पर चला 20 मिनट तक चूहे-बिल्ली का खेल जैसे ही आईपीएस की टीम ने दुकानों पर दबिश दी, वहां मौजूद जुआरी दूसरी मंजिल पर बने कमरों में जा छिपे। पुलिस को पीछे आता देख दो सटोरिये दुकानों की छतों पर चढ़ गए और भागने की कोशिश करने लगे। करीब 20 मिनट तक पुलिस और जुआरियों के बीच छतों पर चूहे-बिल्ली का खेल चलता रहा। आखिरकार पुलिस के जवानों ने मुस्तैदी दिखाते हुए छत पर चढ़कर दोनों आरोपियों को दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान सीओ सिटी आईपीएस जतिन जैन भी मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। ​ टोकन के भाव की पर्चियां टंगी देख पुलिस भी हैरान तफ्तीश के दौरान पुलिस को दुकानों के अंदर चौंकाने वाली व्यवस्था देखने को मिली। वहां बाकायदा ‘गोल्डन टोकन’ और ‘ड्रैगन टोकन’ के भाव लिखी पर्चियां दीवारों पर टंगी हुई थीं। जुआरी पर्चियों के जरिए इस खेल को संचालित कर रहे थे। भीड़भाड़ वाले बस स्टैंड इलाके में खुलेआम चल रहे इस गोरखधंधे ने पुलिस की सतर्कता पर भी सवाल खड़े किए हैं, क्योंकि यह पूरा अड्डा स्थानीय चौकी के बिल्कुल पास स्थित था। टोकन पर्ची से खेलते थे जुआ और सट्टा पुलिस ने मौक़े से जुआ और सट्टा के उपयोग में आने वाले टोकन और पर्चीयां बरामद की है। यहां टोकन से सट्टा और लगाते थे। मुखबीर से आईपीएस अदिति को पुख्ता सूचना मिली थी कि यहां लम्बे समय से यह अवैध गतिविधि चल रही है। जिसपर अपनी स्पेशल टीम लेकर उन्होंने मौक़े पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान ही सीओ सिटी आईपीएस जतिन भी मौक़े पर पहुंचे और मौक़े पर पुलिसकार्मियों से घेराबंदी करवाई। ​सीक्रेसी बनाए रखने के लिए आईपीएस ने खुद की टीम के साथ दी दबिश इस पूरी कार्रवाई को काफी गोपनीय रखा गया था। ट्रेनी आईपीएस अदिति उपाध्याय ने पहले अपनी निजी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और सटोरियों को पकड़ा। इसके बाद कोतवाली पुलिस को सूचना देकर मौके पर बुलाया गया। मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई से इलाके के अन्य अवैध कारोबारियों में भी डर का माहौल है। पुलिस फिलहाल हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके। पुलिस चौकी के पास सटोरियों का अड्डा अब होगी कार्रवाई पुलिस चौकी के नजदीक धड़ले से चल रहे इस अवैध कारोबार पर कार्रवाई करने के बाद सीओ सिटी आईपीएस जतिन जैन ने कहा कि इस मामले की जांच की जाएगी और जो भी दोषी कार्मिक हैं उनके खिलाफ सख़्त कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *