ग्राम बड़ा खुटाजा स्थित अनंत श्री श्री 5 महामति स्वामी श्री प्राणनाथ जी मंदिर, ब्रह्मपुर धाम में पंच दिवसीय आध्यात्मिक शिविर, सेवा पधारमणि एवं कलश महोत्सव कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर जोबट विधायक सेना महेश पटेल कार्यक्रम में विशेष रूप से शामिल हुईं। विधायक पटेल ने मंदिर पहुंचकर संतों का आशीर्वाद लिया और आध्यात्मिक प्रवचनों को सुना। उन्होंने मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। इस दौरान उन्होंने उपस्थित श्रद्धालुओं से संवाद किया और कार्यक्रम की सराहना की। अपने संबोधन में विधायक ने कहा कि ऐसे आध्यात्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, आपसी सद्भाव, भाईचारा और संस्कारों को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि इन आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपरा और आध्यात्मिक मूल्यों से जुड़ने का अवसर मिलता है। इसी अवसर पर पटलिया समाज और महाराज समिति ने मंदिर निर्माण एवं कलश निर्माण में सहयोग के लिए विधायक सेना महेश पटेल का सम्मान किया। विधायक ने इस सम्मान के लिए समाजजनों का आभार व्यक्त किया और कहा कि वे धर्म एवं समाजसेवा के कार्यों में सदैव सहयोग के लिए तत्पर रहेंगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, समाजजन और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


