भास्कर न्यूज | प्रतापपुर नगर के नवनिर्मित त्र्यंबकेश्वर महादेव मंदिर में बुधवार को प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर नगर में कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें प्रतापपुर के सभी वर्गों के श्रद्धालुओं ने उत्साह और भक्ति भाव से भाग लिया। ढोल-नगाड़ों, जयघोष और भक्ति संगीत के बीच निकली कलश यात्रा ने पूरे नगर को शिवमय वातावरण से सराबोर कर दिया। आयोजन के मुख्य यजमान छोटेलाल जायसवाल और कौशल्या जायसवाल रहीं। इनके साथ रम्भा जायसवाल, रुचि जायसवाल, ज्योति जायसवाल, अभिषेक जायसवाल, अशोक जायसवाल, राधेश्याम जायसवाल, अंबिका जायसवाल, राजेश जायसवाल, सूर्यदेव जायसवाल, प्रेमचंद जायसवाल, अंकुर जायसवाल, हरि गुप्ता, मुकेश तायल, संजीव श्रीवास्तव, लक्ष्मी गुप्ता, अविनाश जायसवाल, शिबू सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर यात्रा को दिव्य और आकर्षक स्वरूप प्रदान किया। तीन दिवसीय प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन 21 से 23 जनवरी तक किया गया है। इस दौरान वाराणसी से पधारे यज्ञाचार्य डॉ. अजय हरि शुक्ल वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से सभी अनुष्ठान संपन्न करा रहे हैं। कार्यक्रम के प्रथम दिवस प्रातः जलयात्रा, पंचांग पूजन, वेदियों की स्थापना व भगवान की मूर्तियों की कर्मकुटी संपन्न हुई। दूसरे दिन जलाधिवास, अन्नाधिवास, घृताधिवास, शर्कराधिवास, फलाधिवास, मिष्टान्नाधिवास, औषध्याधिवास, वस्त्राधिवास व पुष्पाधिवास के साथ 108 कलशों से महाभिषेक किया गया। इसी दिन शाम को भगवान की प्रतिमाओं को रथ पर विराजमान कर नगर भ्रमण कराया गया। तीसरे दिन बसंत पंचमी पर महान्यास, प्राण-प्रतिष्ठा, पूर्णाहुति और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव के बाद 28 जनवरी से 4 फरवरी तक प्रतापपुर के मिनी स्टेडियम ग्राउंड (बस स्टैंड) में भव्य श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा प्रवक्ता आचार्य सदानंद जी महाराज, श्रीधाम वृंदावन के मुखारविंद से प्रतिदिन दोपहर 2:30 बजे से शाम 6 बजे तक श्रद्धालुओं को कथा का रसपान कराएंगे। आयोजकों ने सभी नगरवासियों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ अर्जित करने की अपील की है।


