स्कूल में राजनीति: कांग्रेसी नेताओं का स्वागत बच्चों से करवाने वाले हेड मास्टर हुए सस्पेंड

भास्कर न्यूज | अंबिकापुर सूरजपुर जिले के रामानुजनगर ब्लॉक के गणेशपुर में कांग्रेस नेताओं का स्कूली बच्चों से स्वागत कराना और नारे लगाना हायर मिडिल स्कूल के प्रधान पाठक के लिए महंगा पड़ गया। मामले में डीईओ के प्रतिवेदन पर जेडी ने प्रधान पाठक सभान राम सिंह को निलंबित कर दिया है। मामले में गणेशपुर हायर सेकेंडरी के प्राचार्य व एक व्याख्याता के खिलाफ कार्रवाई की अनुशंसा का पत्र डीईओ ने राज्य शासन को भी भेजा है। जेडी संजय कुमार गुप्ता ने बताया है कि डीईओ अजय मिश्रा ने मामले की जांच के बीईओ रामानुजनगर से कराई। जांच रिपोर्ट के आधार पर उन्होंने प्रधान पाठक सभान राम सिंह के खिलाफ कार्रवाई का प्रतिवेदन भेजा था। इसके आधार पर प्रधान पाठक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। हायर सेकेंडरी के प्राचार्य और एक व्याख्याता के खिलाफ कार्रवाई का प्रतिवेदन डीईओ ने राज्य कार्यालय को भेजा है। जानिए… ये है पूरा मामला 20 जनवरी को कांग्रेस के आदिवासी प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विक्रांत भूरिया सूरजपुर पहुंचे थे। वे कांग्रेस के नेताओं के साथ हसदेव के लिए निकले। रास्ते में रामानुजनगर ब्लॉक में गणेशपुर में स्कूली बच्चों ने उनका स्वागत किया। बच्चों ने नारे भी लगाए थे। स्कूल समय में ये सभी गतिविधियां सामने आई थीं। बच्चे लाइन में लगे हुए नजर आए थे। मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली सोनी ने आपत्ति जताई थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *