एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ बनने के कारण ठंड के मिजाज अचानक कभी तीखे हो रहे हैं तो कभी कम हो जा रहे हैं। बीते चौबीस घंटे के भीतर ही रात के तापमान में 4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और ठंड बढ़ गई। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि गुरुवार को शहर का न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि एक दिन पहले ही ये 10.4 डिग्री पर था। इसका असर भी दिखा। दिन में हल्की ठंड महसूस होती रही। इधर, उत्तर में एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण शुक्रवार शाम से फिर मौसम बदलेगा। इससे नमी आएगी और हल्के बादल लगने से तापमान में फिर बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। इधर, गुरुवार को ठंड बढ़ने का असर भी दिखा। लोग सुबह दिन चढ़ते तक गर्म कपड़े में ढंके रहे। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिन में अभी तापमान में इसी तरह उतार-चढ़ाव बने रहने की संभावना है। उत्तर में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। ये ताकतवर है, जिससे पूरे उत्तर भारत में बारिश व ओलावृष्टि की संभावना है। राजस्थान, पंजाब हिमांचल प्रदेश में इसका असर भी शुरू हो गया है। इसका असर जब खत्म होगा तो उत्तर से फिर सर्द हवा आएगी और तापमान नीचे गिरेगा। इससे ठंड बढ़ेगी। सरगुजा में भी बादलों की आवाजाही शुक्रवार से दिखने लगेगी। -एएम भट्ठ, विज्ञानी, मौसम विज्ञान केंद्र, अंबिकापुर


