भास्कर न्यूज | महुआडांड़ प्रखंड के बरदौनी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में पिछले कई महीनों से डॉक्टरों की कमी है। इस कारण ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं से वंचित होना पड़ रहा है। बरदौनी स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर न होने से गंभीर बीमारी वाले मरीज इलाज के लिए दूर के अस्पतालों का रूख कर रहे हैं। स्थानीय लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए भी 20-25 किलोमीटर दूर प्रखंड मुख्यालय जाना पड़ता है। स्वास्थ्य केंद्र में सभी सुविधाएं होने के बावजूद डॉक्टरों की अनुपस्थिति के कारण मरीजों को समुचित इलाज नहीं मिल पा रहा है। यहां नर्स और लैब टेक्नीशियन मरीजों की देखभाल कर रहे हैं। बिजली की समस्या से और बढ़ी मुश्किलें स्वास्थ्य केंद्र में बिजली की समस्या भी गंभीर है। इसके कारण टीकाकरण और आपातकालीन उपचार में दिक्कतें आ रही हैं। दवाओं को ठंडा रखने के लिए फ्रिज की आवश्यकता होती है, लेकिन बिजली न होने के कारण यह काम नहीं कर पा रहा है। शाम होते ही अस्पताल में अंधेरा छा जाता है और रात में कोई भी सेवा उपलब्ध नहीं होती।


