रीवा में शराबी प्रिंसिपल और गुंडागर्दी करने वाले संकुल प्राचार्य का मामला कमिश्नर तक पहुंच गया है। जिला शिक्षा अधिकारी के मुताबिक कमिश्नर जल्द ही दोनों को निलंबित करने की कार्रवाई कर सकते हैं। जावा हाई स्कूल का मामला पिछले कुछ दिनों से काफी चर्चा में है। पहले तो शराबी प्रधानाचार्य मुन्नालाल कोल की वजह से जिला शिक्षा विभाग की जमकर किरकरी हुई। उसके बाद संकुल प्रचार्य ने आदिवासी शिक्षक के साथ मारपीट की, इससे जिला शिक्षा विभाग पर सवाल खड़े हो रहे है। अब दोनों ही मामलों की रिपोर्ट लिखित रूप से संभागीय कमिश्नर को भेजी गई है। इसके अलावा मामले की लिखित जानकारी कलेक्टर के पास भी भेजी गई है। संकुल प्राचार्य पर एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज इधर मामले में रीवा में आदिवासी शिक्षक से मारपीट के मामले में बुधवार शाम संकुल प्राचार्य हीरामणि त्रिपाठी के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मुन्नालाल कोल ने संकुल प्राचार्य पर पैर ना छूने पर मारपीट का आरोप लगाया है। जहां शिकायत पर मामला दर्ज कर पुलिस ने पूरे मामले को विवेचना में लिया है। अजाक संगठन और भीम आर्मी ने संकुल प्राचार्य की गिरफ्तारी का मांग की बता दें कि बसपा जिला अध्यक्ष के बाद अब मामले में अजाक संगठन और भीम आर्मी ने भी मोर्चा खोल दिया है। दोनों ने आदिवासी शिक्षक के साथ हुई मारपीट के मामले को प्रदेश की कानून व्यवस्था से जोड़ दिया है। उनका कहना है कि प्रदेश में आदिवासियों के साथ लगातार अत्याचार हो रहे हैं। आदिवासी प्रदेश में सुरक्षित नहीं हैं। उन्हें लाठी-डंडे से पीटा जा रहा है। अपमानित किया जा रहा है और जातिगत शब्दों का प्रयोग किया जा रहा है। अजाक संगठन ने 24 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए संकुल प्राचार्य के गिरफ्तारी की मांग की है। साथ ही उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। जबकि पूरे मामले में भीम आर्मी 12 घंटे का अल्टीमेटम देकर गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गई है। भीम आर्मी ने भूख हड़ताल करने की चेतावनी दी भीम आर्मी का कहना है कि अगर संकुल प्रचार्य पर कार्रवाई नहीं की गई तो 12 घंटे बाद भूख हड़ताल शुरू कर दी जाएगी। सिरमौर चौराहे पर भूख हड़ताल का आयोजन किया जाएगा। जिसमें बड़ी संख्या में भीम आर्मी के कार्यकर्ता आदिवासी समाज के लोग उपस्थित रहेंगे। वहीं, अजाक संगठन के जिला सचिव मुन्नालाल रावत ने कहा कि मारपीट की घटना के बाद दो दिन तक शिक्षक बेहोश रहा। वो डर के मारे घर से नहीं निकला। इस तरह की मारपीट बर्दाश्त नहीं करेंगे। जांच रिपोर्ट संभागीय कमिश्नर को भेजी गई मामले में अधिकारी अब कार्रवाई की बात कह रहे हैं। मारपीट का वीडियो सामने आने के 24 घंटे के अंदर ही पूरे मामले की जांच रिपोर्ट संभागीय कमिश्नर को भेज दी गई है। इस बीच जिला शिक्षा अधिकारी सुदामा गुप्ता ने शिक्षकों से अपील की है और साथ ही चेतावनी दी है कि अगर इस तरह से शराब के नशे में या मारपीट करते हुए वीडियो भविष्य में सामने आए तो निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।


