प्रिंसिपल व एनआरआई के घर से गहने और नकदी चुराई, दुकानों के शटर तोड़ की वारदात

भास्कर न्यूज़ | लुधियाना शहर के अलग-अलग इलाकों में चोरों ने चार जगह वारदातों को अंजाम देकर पुलिस की नींद उड़ा दी। कहीं दिनदहाड़े सूने घरों को निशाना बनाया गया तो कहीं देर रात दुकानों के शटर तोड़कर नकदी और कीमती सामान चुरा लिया गया। हैरानी की बात यह है कि किसी भी मामले में अब तक आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने सभी मामलों में अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पहली वारदात डेहलों बाईपास स्थित गांव डेहलों में सामने आई। सेंट थॉमस कॉन्वेंट स्कूल रुड़की के प्रिंसिपल सोगिन जे. चिरबेल किराए के मकान में रहते हैं। उनके साथ दो स्टाफ सदस्य भी रहते हैं। 28 जनवरी को तीनों अपने काम पर गए हुए थे। इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने सूने मकान का ताला तोड़कर कमरे में घुसपैठ की। शाम को लौटने पर कमरे का सामान बिखरा मिला और अलमारी का ताला टूटा हुआ था। पीड़ित के अनुसार चोर 32 ग्राम की सोने की चेन, 8 ग्राम की अंगूठी समेत करीब 40 ग्राम सोना, 15 से 20 हजार रुपए नकद और एक मोबाइल फोन चुरा ले गया। सूचना मिलने पर थाना डेहलों पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। दूसरी वारदात एक एनआरआई व्यक्ति के घर पर 28 जनवरी को हुई है। शिकायतकर्ता इंदरजीत सिंह वासी गांव फुल्लांवाल ने बताया कि वे कनाडा में सैलून का काम करते हैं। हर साल वे लुधियाना अपने पिता के घर पर आते हैं। 28 जनवरी को जब वे लुधियाना स्थित अपने घर पर पहुंचे तो देखा कि उनके कमरे के दरवाजे की कुंडियां टूटी हुई हैं। जब कमरे में जाकर देखा तो अलमारी में रखे 25 हजार की नकदी और दो सोने के कड़े, चांदी की चेन, एक सोने की अंगूठी, सोने का ब्रेसलेट चोरी हो चुका था। फिर मामले में थाना सदर की पुलिस को मौके पर बुलाकर चोरी का केस दर्ज करवाया। जांच अधिकारी कुलबीर राज ने बताया कि आसपास इलाके में सीसीटीवी नहीं लगी है। इसलिए अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया है। तीसरी वारदात मॉडल टाउन इलाके में स्थित लायलपुर स्वीट्स में हुई। शुक्रवार रात करीब 2:30 बजे दो युवक बाइक पर सवार होकर दुकान के बाहर रुके। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि एक युवक हाथ में लकड़ी का मोटा डंडा लेकर शटर तोड़ता है और शीशा तोड़कर दुकान में घुस जाता है। अंदर जाकर काउंटर के पास रखा गल्ला तोड़कर करीब 15 हजार रुपए निकाल लिए और साथी के साथ फरार हो गया। दुकान मालिक कपिल खरबंदा को सुबह वर्कर से फोन पर घटना की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचने पर शटर टूटा और कांच बिखरा मिला। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने अज्ञात आरोपियों पर केस दर्ज कर फुटेज के आधार पर तलाश शुरू कर दी है। चौथी वारदात 30 जनवरी की रात करीब 3 बजे रामगढ़ इलाके में स्थित मोबाइल की दुकान में हुई। दुकान मालिक कृष्ण कुमार के अनुसार चोर दुकान का ताला तोड़कर अंदर घुसे और 40 हजार रुपए नकद, स्पीकर, ईयरफोन सहित करीब 3 लाख रुपए का सामान चुरा ले गए। चोर सीसीटीवी कैमरों के मेमोरी कार्ड भी निकालकर ले गए ताकि पहचान न हो सके। चोरी की वारदात पास की दुकान की छत के रास्ते अंजाम दी गई। सुबह दुकान खोलने पर अंदर सामान बिखरा मिला। बाद में छत पर जाकर रास्ता देखा गया। सूचना मिलने पर थाना फोकल प्वाइंट पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *