लुधियाना| एक डॉक्टर के साथ उनके ही पूर्व कर्मचारी द्वारा लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने डॉक्टर की चेक बुक चोरी कर फर्जी तरीके से चेक भरकर बैंक में लगा दिया। मामले में शिकायतकर्ता डॉक्टर श्रीधर अग्रवाल निवासी मोहाली ने बताया कि उनका लुधियाना में क्लीनिक है, जहां आरोपी कर्मचारी के रूप में काम करता था। किसी कारणवश उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। इसी दौरान आरोपी चोरी-छिपे उनकी चेक बुक अपने साथ ले गया। डॉक्टर ने बताया कि आरोपी ने 6 लाख 50 हजार 700 रुपये का चेक भरकर बैंक में जमा कर दिया। हालांकि उनके खाते में पर्याप्त राशि नहीं होने के कारण चेक बाउंस हो गया। जब इस बारे में उन्हें जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत पुलिस को शिकायत दी। पुलिस जांच के बाद आरोपी सुरिंदर सिंह सैनी निवासी मुंडियां कलां के खिलाफ थाना जमालपुर में अमानत में खयानत का केस दर्ज कर लिया गया है। जांच अधिकारी गुरचरण सिंह ने बताया कि फिलहाल मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।


