लुधियाना| शहर के अलग-अलग इलाकों में राहगीरों से मारपीट कर लूट और चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। विभिन्न थानों की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 5 मोटरसाइकिल और 14 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। एडीसीपी जोन-1 समीर वर्मा ने बताया कि थाना डिवीजन-4 की पुलिस ने लूट के दो मामलों में ऋषि (गली नंबर-1) और आदिल (गली नंबर-4) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया है कि दोनों आरोपी नशे की लत के चलते अपने साथियों के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम देते थे। इनके पास से 2 मोटरसाइकिल और 10 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। वहीं, थाना डेहलों की पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल बेचने जा रहे आरोपी जगदीप सिंह पुत्र कृष्ण सिंह, निवासी सीलों कलां को काबू किया है। उसके कब्जे से चोरी की बाइक बरामद हुई है। थाना दुगरी की पुलिस ने सिटी सेंटर के नजदीक से चोरी की मोटरसाइकिल (PB-32-K-8515) के साथ राजवंत सिंह पुत्र बलवंत सिंह, निवासी हैदर एंकलेव को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा थाना डाबा की पुलिस ने लूट के मामलों में गुरजिंदर जीत सिंह पुत्र रामदास, निवासी ढिल्लों नगर, और सुखविंदर सिंह, निवासी मोहल्ला बसंत सिंह नगर को पकड़ा है। दोनों के पास से 4 मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर उनका रिमांड हासिल कर लिया है। पूछताछ के दौरान और वारदात का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।


