मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में प्रेमी ने प्रेमिका के बेटे को मार डाला। आरोपी ने गला घोंटकर शव को कोयला खदान में फेंक दिया। बच्चा आरोपी को मामा कहकर बुलाता था। इसी का फायदा उठाकर घुमाने ले गया और हत्या कर दी। मामला धनपुरी थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक आरोपी का नाम मोइशीन खान है, जो छत्तीसगढ़ में ड्राइवर का काम करता था। वहीं प्रेमिका अपने बच्चे और पति के साथ धनपुरी में रहकर मजदूरी करती है। आरोपी अपनी प्रेमिका से लगातार शादी के लिए दबाव बना रहा था। वह नहीं मानी तो उसके बच्चे की हत्या कर दी। पुलिस ने मर्डर को लेकर सोमवार रात खुलासा किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी अपनी प्रेमिका के लिए उसके दूसरे बच्चे को भी मारने की साजिश रच चुका था, लेकिन उससे पहले पकड़ा गया। अब सिलसिलेवार पढ़िए पूरी वारदात
दरअसल, 27 जनवरी को 7 साल का ऋतिक कोल अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने बच्चे के बारे में आसपास और पड़ोसियों से पूछताछ की, लेकिन कहीं पता नहीं चला। इसके बाद 27 जनवरी को बच्चे की मां ने धनपुरी थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि 26 जनवरी को आरोपी मोइशीन खान उसके घर पहुंचा था। इस दौरान वह कहने लगा कि मुझसे बात क्यों नहीं कर रही। मेरे साथ क्यों नहीं रहती। इस पर महिला ने साफ कह दिया कि वह अपने बच्चों और पति को छोड़कर उसके साथ नहीं जाएगी। प्रेमिका की इसी बात से गुस्साए प्रेमी मोइशी ने महिला को धमकी दी थी कि वह इसके लिए किसी भी हद तक जा सकता है। दूसरे दिन से बेटा लापता है। परिजनों ने बच्चे के बारे में जानकारी देने वालों के लिए इनाम की घोषणा भी की थी। वहीं शिकायत के बाद धनपुरी पुलिस ने बच्चे की तलाश की, लेकिन कहीं नहीं मिला। इसी बीच एक महिला ने बताया कि आरोपी मोइशीन खान को खदान में उतरते और चढ़ते देखा था। इस दौरान आरोपी ने भी उस महिला को देख लिया था। महिला को देखकर खदान से भागा आरोपी महिला ने पुलिस को बताया कि आरोपी फौरन खदान से डर के कारण भाग गया। वहीं महिला ने इस बात की जानकारी धनपुरी पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस का शक और गहरा हुआ। पुलिस ने आरोपी मोइशीन खान को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी मोइशीन ने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती बरतने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने यह भी बताया कि वह महिला से बेहद प्यार करता है। उसे पाने के लिए वह किसी भी हद तक जाने के लिए तैयार था। बच्चे को बाइक में घुमाने के बहाने ले गया था आरोपी
आरोपी ने बताया कि 27 जनवरी को महिला के घर पहुंचा। मासूम बच्चे को बहला-फुसलाकर बाइक पर घुमाने का बहाना बनाया। बच्चा उसे मामा कहता था, इसलिए बिना किसी डर के उसके साथ चला गया। आरोपी बच्चे को बंद पड़ी कोयला खदान के पास ले गया। बच्चे का गला घोंटा, फिर शव को पानी से भरी खदान में फेंक दिया। आरोपी ने बताया कि अपनी प्रेमिका को हासिल करने के लिए वह दूसरे बच्चे को भी मारने की साजिश रच चुका था, लेकिन पहले बच्चे की हत्या के बाद खदान से निकलते वक्त एक महिला ने देख लिया, जिसके वह घबरा गया था। कोर्ट ने आरोपी को जेल भेजा
धनपुरी थाना प्रभारी खेम सिंह पेंद्रो ने बताया कि 30 जनवरी को खदान से बच्चे की लाश मिली है। आरोपी महिला से बार-बार शादी के लिए कह रहा था, लेकिन वह अपने परिवार को छोड़कर नहीं जाना चाहती थी, जिससे आरोपी गुस्से में बच्चे की हत्या की। धनपुरी थाना प्रभारी ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया है। पुलिस आगे की जांच में जुटी हुई है।


