प्रेमी जोड़े ने मंदिर में रचाई शादी, मांगी सुरक्षा:परिजनों ने किया विरोध, पुलिस बोली-अब हम संभालेंगे मामला

रीवा में एक प्रेमी जोड़े ने समाज के विरोध के बीच मंदिर में शादी रचाकर नया मोड़ ला दिया। विवाह के तुरंत बाद प्रेमी संदीप जायसवाल और प्रेमिका पायल साहू रविवार देर रात सीधे सिटी कोतवाली थाना पहुंचे और पुलिस से सुरक्षा मांगी। दोनों ने बताया कि उनके घर वाले इस रिश्ते के खिलाफ थे और वे अलग-अलग समाज से आते हैं, इसी कारण परिवार शादी के लिए तैयार नहीं थे। जानकारी के मुताबिक युवती पायल साहू, मूल निवासी व्यवहारी जिला शहडोल (वर्तमान पता रानी तालाब, रीवा) और संदीप जायसवाल, निवासी रानी तालाब—पिछले 3-4 वर्षों से एक-दूसरे से प्रेम करते थे। रिश्ते को आगे बढ़ाने की बात जब घरों में पहुंची तो परिजनों ने इसे मंजूरी नहीं दी। विरोध बढ़ता गया और हालात ऐसे बने कि दोनों ने अलग समाज होने की वजह से दबाव और विवाद की आशंका के चलते घरवालों के खिलाफ जाकर अपना फैसला खुद लेने का निर्णय लिया। परिजनों के विरोध के बीच दोनों ने सतना के एक मंदिर में विवाह किया। शादी के बाद रविवार देर रात दोनों रीवा सिटी कोतवाली पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। थाने में प्रेमी जोड़े ने स्पष्ट कहा कि उन्होंने अपनी मर्जी से शादी की है और किसी तरह के दबाव में नहीं हैं। साथ ही उन्होंने पुलिस से गुहार लगाई कि परिवार की प्रतिक्रिया को देखते हुए उन्हें सुरक्षा दी जाए ताकि वे सुरक्षित तरीके से साथ रह सकें। थाने में दोनों पक्षों के परिजन भी मौजूद रहे। पुलिस ने प्रेमी जोड़े और परिजनों से बात की, पूरे मामले को संवेदनशील मानते हुए आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं। इसके बाद पुलिस ने उन्हें सुरक्षा के आश्वासन के साथ थाने से रवाना किया। प्रेमी जोड़ा फिलहाल पुलिस प्रोटेक्शन की उम्मीद कर रहा है, जबकि परिजनों के विरोध के चलते मामला आगे भी संवेदनशील बना रह सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *