श्योपुर के ढोढर थाना क्षेत्र में युवक ने अपनी मां के साथ मिलकर अपनी प्रेमिका की हत्या कर दी। आरोपियों ने पहले उसे डंडों से जमकर पीटा, इसके बाद गला दबा दिया। पुलिस ने आरोपी मां-बेटे को गिरफ्तार कर लिया है।आरोपी सनी जाटव और उसकी मां कमलाबाई हैं। वहीं मृतका की पहचान मीनाबाई वाल्मीकि (35) के रूप में हुई है। ढोढर थाना प्रभारी श्यामवीर सिंह तोमर ने बताया कि ढोढर निवासी रामदयाल जाटव (50) ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। इसमें बताया कि सनी यादव मंडी वाला सहराना स्थित घर में प्रेमिका मीनाबाई और अपनी मां कमलाबाई के साथ रहता है। बताया गया कि मां-बेटे आए दिन मीनाबाई से घरेलू काम को लेकर विवाद करते थे। रविवार शाम करीब 7 बजे भी उनके बीच झगड़ा हुआ। इसी के चलते मां-बेटे ने मीनाबाई पर डंडे बरसाए। इसके बाद गला दबा दिया। पति को छोड़कर प्रेमी के साथ रह रही थी पुलिस ने बताया कि मीनाबाई मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर की रहने वाली थी। वह जयपुर में रहकर मजदूरी करती थी। सनी भी वहीं मजदूरी करता था। इसी दौरान उनकी पहचान हुई थी। दोनों एक-दूसरे से प्रेम करने लगे। करीब एक साल पहले मीनाबाई पति छोटेलाल को छोड़कर ढोढर आ गई, तभी से उनके साथ रहने लगी।


