भास्कर न्यूज | अमृतसर जंडियाला गुरु में नगर कौंसिल चुनाव से पहले एक व्यक्ति को फोन पर 20 लाख रुपए की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर थाना जंडियाला गुरु पुलिस ने हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी जट्ट निवासी जंडियाला गुरू के खिलाफ पर्चा दर्ज किया है। पुलिस को दी गई शिकायत में सुरिंदर कुमार निवासी ज्योतिसर कॉलोनी, जंडियाला गुरु ने बताया कि वह प्रॉपर्टी का कारोबार करता है और आगामी नगर कौंसिल चुनाव 2026 में वार्ड नंबर 6 से संभावित उम्मीदवार है। पीड़ित के अनुसार, 15 जनवरी को शाम करीब 7 बजे उसके मोबाइल नंबर पर व्हाट्सऐप के जरिए एक कॉल आई। यह कॉल विदेशी नंबर से की गई थी। कॉल करने वाले ने अपना नाम हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी जट्ट, निवासी जंडियाला गुरु बताया। आरोपी ने कहा कि यदि वह नगर काउंसलर का चुनाव लड़ना चाहता है, तो उसे 20 लाख रुपए की फिरौती देने होंगे। पुलिस ने बताया कि आरोपी के बारे में अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं और यह भी जांच की जा रही है।


