आईआईटी इंदौर में इस सत्र के प्लेसमेंट सीजन की शुरुआत मंदी से उबरने के संकेत दे रही है। पिछले महीने से शुरू हुई प्लेसमेंट प्रक्रिया में अब तक देश-दुनिया की कई नामी कंपनियों ने दस्तक दी है। इस माह के अंत तक कई और कंपनियां प्लेसमेंट के लिए पहुंचेंगी। कंपनियों की संख्या देखते हुए पिछले साल की तुलना में न सिर्फ अधिक स्टूडेंट्स को जॉब मिलेंगे, बल्कि एवरेज पैकेज में भी इजाफे की उम्मीद है। आईआईटी की 2023-2024 बैच के लिए प्लेसमेंट सीजन बेहद खराब साबित हुआ था। पहले चरण में गिनती के ही स्टूडेंट्स को ऑफर मिल पाने के कारण आईआईटी प्रबंधन ने एलुमनी से संपर्क कर प्लेसमेंट में मदद मांगी थी। तमाम कोशिशों के बावजूद बीटेक के 343 स्टूडेंट्स में से कैंपस प्लेसमेंट के जरिये नौकरी के लिए रजिस्ट्रेशन कराने वाले 292 में सिर्फ 233 स्टूडेंट्स को ही जॉब मिला। सबसे बुरी स्थिति सिविल इंजीनियरिंग ग्रेजुएट्स की रही थी। 40 रजिस्टर्ड छात्रों में से सिर्फ 19 को ही नौकरी मिली। इस बैच का एवरेज पैकेज भी 12.4 लाख रुपए रहा था। हालांकि, इस बार के प्लेसमेंट सीजन की शानदार शुरुआत हुई है। सबसे ज्यादा डिमांड आईटी प्रोफेशनल्स की है। जानकारी के अनुसार पहले चरण में ही नामी कंपनियों ने कैंपस प्लेसमेंट के लिए दस्तक देते हुए स्टूडेंट्स को जॉब ऑफर किया। कुछ स्टूडेंट्स को इंटरनेशनल कंपनियों के ऑफर मिलने की जानकारी है। कई और कंपनियां भी जल्द ही प्लेसमेंट के लिए आईआईटी आएंगी। आईआईटी प्रबंधन के अनुसार प्लेसमेंट सीजन के शुरुआती रुझान काफी अच्छे रहे हैं। पूरी उम्मीद है कि इस बार न सिर्फ प्लेसमेंट पाने वाले ग्रेजुएट्स की संख्या बढ़ेगी, बल्कि औसत पैकेज में भी बढ़ोतरी देखने को मिल जाएगी। बाकी आईआईटीज में भी अच्छी शुरुआत- प्लेसमेंट के लिए बाकी आईआईटीज में भी इस सीजन की शुरुआत अच्छी रही है। पुराने और नए आईआईटीज में इस बार शुरुआत से ही ज्यादा कंपनियां पहुंचीं। आईआईटी दिल्ली से इस साल ग्रेजुएशन पूरा करने जा रहे स्टूडेंट्स में से 95 प्रतिशत को दिसंबर में ही पसंदीदा सेक्टर में जॉब मिल चुका है। इस बैच को 2023-24 की तुलना में सात गुना ज्यादा जॉब ऑफर मिले हैं।


