भास्कर न्यूज | लातेहार सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत इचाक पंचायत के ग्राम नावा टोली में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान नीलू देवी (25), पति संदीप राम के रूप में हुई है। नीलू का शव साड़ी के सहारे फंदा में लटका हुआ बरामद हुआ है। मृतका के पिता बंधु राम ने सदर थाना में आवेदन देकर बेटी के पति संदीप राम, सास बैजंती देवी एवं ससुर शिवव्रत राम पर हत्या का आरोप लगाया है। आवेदन में बताया कि वर्ष 2020 में उन्होंने अपनी बेटी की शादी संदीप राम से सामाजिक रीति-रिवाज के साथ की थी। शादी के बाद से ही पति, सास और ससुर द्वारा उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने बताया कि 19 जनवरी की सुबह करीब 8 बजे उनकी बेटी से फोन पर बातचीत हुई थी, जिसमें उसने ससुराल में हो रहे अत्याचार की जानकारी दी थी। इसके कुछ ही देर बाद सुबह लगभग 9:30 बजे ससुराल पक्ष से फोन आया कि नीलू बेहोश है और तुरंत आने को कहा गया। इसके बाद करीब 10:15 बजे सूचना दी गई कि उसने साड़ी के सहारे फांसी लगा ली है। जब वे मौके पर पहुंचे तो देखा कि मृतका का शव जमीन पर रखा हुआ था, जिससे पूरे मामले पर संदेह और गहरा गया। मृतका के पिता का आरोप है कि घटना के बाद ससुराल पक्ष द्वारा कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। उन्होंने आशंका जताई कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि साजिश के तहत हत्या की गई है। फिलहाल पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी रामाकांत गुप्ता का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की छानबीन की जा रही है।


