भास्कर न्यूज | मनिका राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर मनिका थाना क्षेत्र के दोमुहान के पास सोमवार रात करीब 10 बजे एक पेट्रोल टैंकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, पेट्रोल से लदा टैंकर (नंबर जेएच14जे-1421) रांची से मझिआंव की ओर जा रहा था, तभी सामने से विपरीत दिशा में एक अज्ञात वाहन आ गया। आमने-सामने की भीषण भिड़ंत और संभावित विस्फोट से बचने के लिए टैंकर चालक बबलू सिंह ने सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी को अचानक मोड़ा, जिससे टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गया। इस हादसे में टैंकर से पेट्रोल का रिसाव भी हुआ, जिसे देखते हुए इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मनिका पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। किसी भी अप्रिय घटना या आगजनी को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा मौके पर अग्निशमन (दमकल) वाहन की भी व्यवस्था की गई। राहत की बात यह रही कि टैंकर सड़क पर ही पलटा था, लेकिन वाहनों के आने-जाने के लिए पर्याप्त जगह बची हुई थी, जिससे राजमार्ग पर यातायात बाधित नहीं हुआ और परिचालन सामान्य बना रहा। चालक बबलू सिंह को केवल हल्की चोटें आई हैं और वह सुरक्षित है।


