गुमला शहर में एक पारिवारिक विवाद ने गंभीर मोड़ ले लिया। घाटों बगीचा में रहने वाली 18 वर्षीय सुष्मिता कुमारी ने गमछे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुष्मिता का अपनी सौतेली मां के साथ विवाद चल रहा था। सुष्मिता अपने पिता पवन और छोटे भाई के साथ किराए के मकान में रहती थी। पवन पिकअप वैन चलाकर परिवार का गुजारा करता है। उसने अपनी पहली पत्नी को 7 साल पहले छोड़ दिया था। पहली पत्नी अपने सबसे छोटे बेटे के साथ सिसई में रहती हैं। सुष्मिता और उसका भाई पिता के साथ रह रहे थे पवन ने करौंदी की रहने वाली रीता देवी से दूसरी शादी कर ली। रीता के तीन बच्चे हैं और वह अपने पहले पति को छोड़कर पवन के साथ रहने लगी। सुष्मिता की बुआ के अनुसार, सुष्मिता का अपनी सौतेली मां से विवाद रहता था। पिछले दो साल से सुष्मिता और उसका भाई पिता के साथ रह रहे थे। पवन ने पहली पत्नी को केस करने की धमकी देकर दोनों बच्चों को अपने पास बुला लिया था। पहली पत्नी का आरोप है कि पवन का रीता के साथ संबंध था और इसी कारण वह उनके साथ मारपीट करता था। घटना की सूचना मिलते ही गुमला थाना के एसआई हिमांशु शेखर दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


