हजारीबाग खाद्य सुरक्षा विभाग और जिला प्रशासन ने बिहार से झारखंड आ रही दो बसों से 4000 किलो नकली पनीर बरामद किया है। इसकी कीमत करीब 6-7 लाख रुपए मानी जा रही है। पटना से रांची आ रही बदोनी बस और तिवारी ट्रैवल्स की बसों में यह पनीर बख्तियारपुर और मनेर से लोड किया गया था। नगमा टॉल टैक्स के पास यह कार्रवाई की गई। जांच में पनीर को नकली पाया गया खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी चंद्र प्रकाश दुगी के नेतृत्व में यह कार्रवाई मुख्य खाद्य आयुक्त के निर्देश पर की गई। मौके पर जांच में पनीर को नकली पाया गया। बस मालिकों को नोटिस जारी किया गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बंगाल से आने वाली बसों पर भी नजर अनुमंडल पदाधिकारी बैजनाथ कामती ने बताया कि इस नकली पनीर को हजारीबाग, रामगढ़ और रांची के बाजारों में बेचा जाना था। खाद्य सुरक्षा विभाग अब बंगाल से आने वाली बसों पर भी नजर रख रहा है। खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी दुगी ने कहा कि नकली खाद्य पदार्थों को रोकने के लिए ऐसे अभियान जारी रहेंगे। साथ ही हजारीबाग के होटलों में भी जांच की जाएगी। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कहीं नकली पनीर का उपयोग न हो रहा हो।


