पंजाब के कपूरथला जिले की सब डिवीजन फगवाड़ा नगर सुधार ट्रस्ट के नए चेयरमैन जरनैल नंगल ने आज पदभार संभाल लिया। पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. रवजोत सिंह, लोकसभा सांसद डॉ. राज कुमार चब्बेवाल और विधायक कुलवंत पंडोरी कार्यक्रम में मौजूद रहे। मंत्री रवजोत सिंह ने नंगल को बधाई दी। पार्टी ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब का विकास किया जा रहा है। नंगल पार्टी के युवा कार्यकर्ता हैं। उन्हें पार्टी ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। चेयरमैन नंगल ने AAP सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल, मुख्यमंत्री भगवंत मान और पार्टी के पंजाब अध्यक्ष अमन अरोड़ा का आभार जताया। उन्होंने कहा कि शहर में उचित दरों पर आवास उपलब्ध कराने के लिए योजना बनाई जाएगी। शहर का सर्वेक्षण कराया जाएगा नंगल ने बताया कि शहर का विशेष सर्वेक्षण कराया जाएगा। आवासीय और व्यापारिक क्षेत्रों के विकास की संभावनाएं तलाशी जाएगी। ट्रस्ट की सेवाओं को पारदर्शी बनाने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया जाएगा। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री जोगिंदर सिंह मान, पंजाब राज्य औद्योगिक विकास निगम के उपाध्यक्ष हरमिंदर सिंह बख्शी, जिला योजना बोर्ड के चेयरपर्सन ललित सकलानी, मेयर रामपाल उप्पल, पार्टी प्रवक्ता हरनूर सिंह हरजी मान सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।


