फतेहगढ़ साहिब में अमलोह नगर कौंसिल चुनाव के दौरान एडवोकेट हसन सिंह पर हमले का मामला गरमा गया है। एडवोकेट हसन सिंह जोकि खन्ना, समराला बार एसोसिएशन के भी सदस्य हैं, को इंसाफ दिलाने के लिए खन्ना, समराला और अमलोह में हड़ताल रही। इससे पहले वकीलों का एक प्रतिनिधिमंडल एसएसपी फतेहगढ़ साहिब डा. रवजोत ग्रेवाल से मिला था। एसएसपी से मांग की गई कि हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज किया जाए। खन्ना बार एसोसिएशन के अध्यक्ष तेजप्रीत सिंह अटवाल और सीनियर एडवोकेट जगजीत सिंह औजला ने कहा कि नगर कौंसिल चुनावों में एडवोकेट हसन सिंह की भाभी उम्मीदवार थीं। वोटिंग वाले दिन जब एडवोकेट हसन सिंह पोलिंग बूथ पर मौजूद थे तो इसी दौरान विधायक का भाई अपने साथियों समेत वहां आया। एडवोकेट हसन सिंह पर हमला कर दिया गया। रिवाल्वर का बट एडवोकेट के सिर में मारा गया। तेजधार हथियारों से हमला किया गया। जिसके बाद एडवोकेट हसन सिंह को अस्पताल भर्ती कराया गया था। पुलिस ने नहीं की कार्रवाई मामले की जानकारी पुलिस को दी गई, लेकिन फतेहगढ़ साहिब की पुलिस ने शहीदी सभा में व्यस्त होने का हवाला देते हुए इस पर कोई कार्रवाई नहीं की थी। इसे लेकर एक पत्र डीजीपी पंजाब को भी लिखा गया। एसएसपी से मुलाकात की गई। एसएसपी ने दो-तीन दिनों का समय मांगा था। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। अगर हमलावरों खिलाफ एफआईआर दर्ज न की गई तो वे 9 जनवरी को एसएसपी फतेहगढ़ साहिब ऑफिस बाहर धरना देंगे। पूरे पंजाब में हड़ताल करेंगे। कोर्ट का सहारा भी लिया जाएगा।


