फरहान अख्तर के साथ 12 लाख रुपए की धोखाधड़ी:एक्टर के कार्ड का मिसयूज कर ड्राइवर ने निकाले पैसे, मुंबई पुलिस ने किया गिरफ्तार

एक्टर फरहान अख्तर के साथ धोखाधड़ी हुई है। मुंबई पुलिस ने उनके ड्राइवर नरेश सिंह और एक अन्य व्यक्ति अरुण सिंह के खिलाफ 12 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। आरोप है कि बिना जानकारी के एक्टर के कार्ड का इस्तेमाल कर पैसे की गड़बड़ी की। मुंबई पुलिस के मुताबिक, यह शिकायत एक्टर की मां हनी ईरानी की मैनेजर दिया भाटिया ने दर्ज कराई है। धोखाधड़ी तब सामने आई जब उन्होंने पेट्रोल के रिकॉर्ड में गड़बड़ी पाई। आरोप है कि कार की टंकी की क्षमता केवल 35 लीटर थी, लेकिन रिकॉर्ड में 62 लीटर पेट्रोल-डीजल का बिल दिखाया गया। साथ ही पेट्रोल उस गाड़ी के लिए लिया गया था, जिसे सात साल पहले बेच दिया गया था। इसके बाद मुंबई पुलिस ने ड्राइवर नरेश सिंह और बांद्रा झील के पास स्थित पेट्रोल पंप के एक कर्मचारी अरुण सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस पूछताछ में नरेश सिंह ने अपना गुनाह स्वीकार कर लिया और बताया कि फरहान के नाम से जारी कार्ड उसे 2022 में एक्टर के पूर्व ड्राइवर के जरिए मिला था। वह पेट्रोल पंप पर बिना पेट्रोल डाले ही कैश लेता था और कमीशन के तौर पर पेट्रोल पंप कर्मचारी को हिस्सा देता था। रोजाना लगभग 1000 से 1500 रुपए की यह रकम होती थी। 120 बहादुर में नजर आएंगे एक्टर फरहान अख्तर जल्द ही फिल्म 120 बहादुर में नजर आएंगे। इसका टीजर भी जारी हो चुका है। यह फिल्म 21 नवंबर को रिलीज होगी और यह 1962 के भारत-चीन युद्ध पर आधारित है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *