फरीदकोट जिले की केंद्रीय मॉडर्न जेल में बंद कैदियों और हवालातियों से मोबाइल फोन बरामद होने का सिलसिला लगातार जारी है। जेल प्रशासन ने एक बार फिर विभिन्न बैरकों की तलाशी के दौरान 4 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस संबंध में जेल प्रशासन की ओर से पुलिस को शिकायत भेजकर 3 हवालातियों के खिलाफ जेल एक्ट के तहत मामला दर्ज करवाया गया है। पुलिस को भेजी गई शिकायत में जेल के सहायक अधीक्षक कर्मजीत सिंह भुल्लर ने बताया कि जेल अधीक्षक के दिशा-निर्देशों पर जेल कर्मचारियों की टीम ने विभिन्न बैरकों का औचक निरीक्षण किया। जेल एक्ट के तहत मामला दर्ज इस दौरान ब्लॉक नंबर 7 की बैरक नंबर 7 की तलाशी लेने पर वहां बंद हवालाती श्रीगंगानगर (राजस्थान) का त्रिलोक सिंह, गुरदीप सिंह और फाजिल्का का रहने वाला विक्रम सिंह के पास से कुल चार मोबाइल फोन बरामद किए गए। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने थाना सिटी फरीदकोट में उक्त तीनों हवालातियों के खिलाफ जेल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। नामजद हवालातियों को प्रोडक्शन वारंट पर लाएगी पुलिस इस संबंध में डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि अब पुलिस द्वारा नामजद किए गए हवालातियों को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि जेल के अंदर मोबाइल फोन किस तरह पहुंचे। यदि जांच के दौरान किसी जेल अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता सामने आती है, तो उसे भी केस में नामजद कर गिरफ्तार किया जाएगा।


