पंजाब में फरीदकोट की केंद्रीय मॉडर्न जेल की बाहरी दीवार से पाबंदीशुदा सामान थ्रो करने के मामले में एक गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान कोटकपुरा निवासी भूपिंदर सिंह भिंदा, मुदकी निवासी संदीप सिंह, गांव टहिना निवासी गुरविंदर सिंह और बूटा सिंह के रूप में हुई, जिनके खिलाफ थाना सिटी में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इन चारों को जेल कर्मियों ने जेल की बाहरी दीवार से अंदर सामान थ्रो करते समय काबू कर पुलिस को सौंपा, जिनके पास से तीन फोन, तंबाकू, हीटर स्प्रिंग, लाइटर और सिरिंज के अलावा अन्य प्रतिबंधित सामान बरामद किया गया, जिसे वे जेल में बंद कैदियों के पास पहुंचाने आए थे। फरीदकोट जेल में कैदियों के पास से आए दिन पाबंदीशुदा सामान बरामद हो रहा है और जेल प्रशासन का दावा है कि यह सामान जेल की बाहरी दीवार से थ्रो के जरिए अंदर पहुंचाया जाता है। इससे पहले भी थ्रो मामले में कई आरोपी पकड़े जा चुके हैं। डीएसपी तरलोचन सिंह ने कहा कि जेल कर्मचारियों ने इन्हें काबू कर पुलिस के हवाले किया, इनमें से भूपिंदर सिंह और बूटा सिंह के खिलाफ थ्रो करने के केस दर्ज है। उन्होंने बताया कि यह आरोपी जेल में बंद रह चुके हैं जिसके चलते इन्हें सामान डिलीवरी की जगह की जानकारी है। अब पुलिस उनसे पूछताछ कर और जानकारी जुटा रही है।


