पंजाब के फरीदकोट में बुधवार को एक स्टूडेंट ने चलती बस से छलांग लगा दी, जिससे बस का पिछले टायर उसके ऊपर चढ़ गया। बस स्टैंड के बाहर गलती से दूसरी बस में सवार हुई एक स्टूडेंट ने आनन-फानन में चलती बस से छलांग लगा दी। यह घटनाक्रम सड़क पर एक दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। घायल स्टूडेंट कोटकपूरा के गांव कोठे धालीवाल निवासी जशनप्रीत कौर (20) को इलाज के लिए गुरू गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए एम्स बठिंडा के लिए रेफर कर दिया गया है। सूचना के बाद सिटी पुलिस मामले की जांच कर रही है। कोटकपूरा जाने वाली बस पकड़नी थी
जानकारी के अनुसार फरीदकोट के सरकारी कॉलेज में पढ़ने वाली स्टूडेंट जशनप्रीत कौर ने यहां के बस स्टैंड से कोटकपूरा जाने वाली बस पकड़नी थी, लेकिन वह गलती से फिरोजपुर जा रही पीआरटीसी बस में बैठ गई। जैसे ही बस,स्टैंड से बाहर निकली तो उसे आभास हुआ कि वह गलत बस में बैठी हुई है। इसके चलते स्टूडेंट ने बस से उतरने का प्रयास किया। इस दौरान वह चलती बस से कूद गई, जिससे वह नीचे गिर गई और बस का पिछला पहिया उसके पैर पर चढ़ गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आस-पास के दुकानदारों ने तुरंत लड़की को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। इस मौके पर प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह स्टूडेंट गलत बस में चढ़ गई थीं और उतरने की जल्दी में चलती बस से कूद गईं, जिससे यह हादसा हुआ। वहीं, बस ड्राइवर बलजीत सिंह ने कहा कि जब लड़की ने उसे बताया कि वह गलत बस में चढ़ गई हैं, तो उसने बस को साइड में रोककर उतारने के लिए कह दिया था लेकिन बस रुकने से पहले ही वह बस से कूद गई और पिछला पहिया उसके पैर पर चढ़ गया।


