पंजाब की फरीदकोट जिला पुलिस ने खेतों में लगे बिजली ट्रांसफार्मरों से तांबा व तेल चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले चोर गिरोह के 6 सदस्य गिरफ्तार किए है। आरोपियों से 80 किलो तांबा, गैस सिलेंडर, स्प्रे पंप समेत अन्य सामग्री व एक गाड़ी भी बरामद की है और पूछताछ के दौरान आरोपियों ने फरीदकोट समेत आसपास के जिलों में 50 से 60 चोरी की वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है। सभी आरोपियों की हुई पहचान आरोपियों की पहचान फरीदकोट के गांव संधवां के बसंत सिंह, गांव सुरेवाला के मलकीत सिंह, गांव अराइयां वाला कलां के जसपाल सिंह, बठिंडा के गांव कोठा गुरु के गुरप्रीत सिंह, मोगा के गांव रौंता के जगदीप सिंह और गांव सैदे के केवल सिंह के रूप में हुई। जिनके खिलाफ थाना सादिक में केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है और रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। ट्रांसफॉर्मरों से तेल करते थे चोरी डीएसपी त्रिलोचन सिंह ने बताया कि जिला पुलिस को क्षेत्र के किसानों से शिकायत मिल रही थी कि रात के समय उनके खेतों में लगे बिजली ट्रांसफार्मरों से तांबा व तेल चोरी किया जा रहा है। इन घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने निगरानी बढ़ाते हुए थाना सादिक क्षेत्र से ऐसी वारदातों को अंजाम दे रहे चोर गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया, जिनसे चोरी का तांबा और अन्य सामग्री और वाहन बरामद किया। वाहन से वे चोरी का सामान ले जा रहे थे। पूछताछ में कबाड़ी का नाम आया सामने उन्होंने कहा कि पूछताछ और जांच के दौरान आरोपियों द्वारा फरीदकोट समेत आसपास के जिलों में वारदातें की जा रही थी और इस केस में एक कबाड़ी का नाम भी सामने आया है, जिसे ये चोरी का सामान बेचा जाता था। उसे भी नामजद कर जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। डीएसपी ने बताया कि गिरोह में शामिल गांव संधवां के बसंत सिंह पर पहले ही चोरी के 3 केस दर्ज है। उन्होंने कहा कि इस गिरोह के पकड़े जाने के बाद किसानों को खेतों से होने वाली चोरी की घटनाओं से काफी हद तक राहत मिलेगी।


