पंजाब के फरीदकोट में नशा विरोधी अभियान के तहत तीन अलग-अलग मामलों में हेरोइन समेत 3 नशा तस्करों की गिरफ्तारी हुई है। इनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि पहले मामले में सीआईए स्टाफ फरीदकोट की टीम ने गश्त और चेकिंग के दौरान फरीदकोट शहर में मौड़ फार्म के पास से फिरोजपुर के गांव नरंगके सियाल निवासी कुलदीप सिंह को 138 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया। इसी तरह थाना सिटी फरीदकोट-2 की पुलिस ने जहाज ग्राउंड से बाजीगर बस्ती के रहने वाले संदीप सिंह को और थाना सदर फरीदकोट की पुलिस ने गांव बुर्ज मस्ता से इसी गांव के रहने वाले निर्मल सिंह उर्फ निग्गी को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नशे के आदी 10 लोगों को इलाज के लिए करवाया भर्ती- एसपी
एसपी बलजीत सिंह भुल्लर ने बताया कि गिरफ्तार किए तीनों आरोपियों पर पहले भी नशा तस्करी और आर्म्स एक्ट के कुल 4 केस दर्ज है और अब इन्हें कोर्ट से रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। उन्होंने बताया कि नशा विरोधी अभियान के तहत फरीदकोट पुलिस द्वारा पिछले 7 महीने के दौरान नशा तस्करी के 224 मामलों में 412 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा जिला पुलिस अब तक नशे करने के आदी 10 लोगों को परिवार की सहमति से इलाज के लिए नशा छुड़ाओ केंद्र में भी दाखिल करवाया जा चुका है।


