पंजाब के फरीदकोट में एक तेज रफ्तार गाड़ी ने बाइक को टक्कर मारी, जिससे बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि उसका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा देर रात अमृतसर बठिंडा नेशनल हाईवे पर गांव पक्का के पास हुआ। मृतक की पहचान मोगा के भलूर गांव निवासी पवनप्रीत सिंह के रूप में हुई। जबकि घायल हुए उसके साथी भलूर गांव के ही रहने वाले प्रदीप सिंह को इलाज के लिए गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दाखिल करवाया गया है। इस हादसे की सूचना मिलते ही थाना सदर फरीदकोट के एसएचओ इंस्पेक्टर राजेश कुमार की अगुवाई वाली पुलिस पार्टी मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार पवनप्रीत सिंह अपने साथी प्रदीप सिंह के साथ बाइक पर सवार होकर नेशनल हाईवे से फरीदकोट की तरफ आ रहा था। जैसे ही वह पक्का गांव के पास पहुंचे तो पीछे से आई गाड़ी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, जिसके चलते वह दोनों सड़क पर गिर गए। एसएचओ राजेश कुमार ने बताया कि तेज रफ्तार गाड़ी ने बाइक को टक्कर मारी, जिससे युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ है। मृतक और घायल के परिवारों को सूचित कर दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।


