पंजाब की फरीदकोट जिला पुलिस ने नशीली दवाओं की बड़ी खेप के साथ कार सवार एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव संगराहूर निवासी बब्बलजीत सिंह के रूप में हुई। जिसके पास से 2740 नशीली गोलियां, 4500 नशीले कैप्सूल और 350 नशीली शीशियां बरामद हुई है। उसके खिलाफ सादिक पुलिस स्टेशन में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। इसी मामले में आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस ने गांव बहबल खुर्द निवासी आलमदीप सिंह नामक शख्स को भी नामजद करते हुए उसे भी गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को रिमांड पर लेकर की जा रही पूछताछ-डीएसपी डीएसपी त्रिलोचन सिंह ने बताया कि एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन के निर्देश पर नशा तस्करों के खिलाफ मुहिम चलाई जा रही है। इसके तहत थाना सादिक के एएसआई जयजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी ने गश्त के दौरान गांव संगराहूर के पास कार में सवार बब्बलजीत सिंह को शक के आधार पर काबू किया। डीएसपी की निगरानी में जब कार की तलाशी ली गई तो उसमें से 2740 नशीली गोलियां, 4500 कैप्सूल और 350 शीशियां बरामद हुईं। आरोपी की पूछताछ के बाद पुलिस ने इसी मामले में गांव बहबल खुर्द के आलमदीप सिंह को भी गिरफ्तार किया है। दोनों को रिमांड पर लेकर आगे की पूछताछ की जा रही है।


