फरीदकोट में कुछ युवकों ने एक दुकानदार पर हमला कर दिया। मामला सर्कुलर रोड पर बाजीगर बस्ती के सामने का है। घटना शुक्रवार शाम (17 जनवरी) की है। यह विवाद बाजीगर बस्ती के सामने रेडीमेड स्टोर और टैटू स्टूडियो के बाहर खड़ी कार में बाइक की टक्कर के बाद शुरू हुआ। टक्कर लगने के बाद जब दुकानदार ने एतराज जताया तो बाइक सवार ने अपने दोस्तों को बुला लिया और दुकान पर ईंट पत्थर बरसाते हुए शीशे तोड़ दिए और दुकानदार और ग्राहकों के साथ भी मारपीट की। पूरी घटना की तस्वीरें दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गईं, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है। 25 से 30 लड़कों ने किया हमला
दुकानदार जसप्रीत सिंह और अंग्रेज सिंह ने बताया कि एक बाइक सवार ने उसकी दुकानों के बाहर खड़ी कार में टक्कर मार दी,आवाज सुनकर वह बाहर आए और लड़के से नुकसान की भरपाई के बारे में पूछा तो उसने अपने माता-पिता को बुलाने की बात कही, लेकिन थोड़ी देर बाद वह 25 से 30 लड़कों को लेकर आया। उन्होंने उसकी और साथ लगती दूसरी दुकान पर ईंटें फेंकनी शुरू कर दीं, जिससे शीशे टूट गए। बाद में दुकान में घुसकर तोड़फोड़ करते हुए उन्हें पीटना शुरू कर दिया और उनके सारे कपड़े बिखेर दिए। उन्होंने बताया कि इसकी सूचना पुलिस को देने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन हमलावर भाग गए। उन्होंने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग रखी। इस संबंध में डीएसपी हेडक्वार्टर शमशेर सिंह शेरगिल ने कहा कि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के आधार पर घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


