फरीदकोट जिले के जैतो शहर की दाना मंडी के पास रहने वाले एक प्रवासी मजदूर परिवार के 14 वर्षीय बच्चे द्वारा रहस्यमय हालात में आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान नीरज कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही थाना जैतो की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार नीरज कुमार अपनी माता रीना रानी के साथ दाना मंडी के पास रहता था जबकि उसका पिता लाल चंद पिछले कुछ वर्ष से उनसे अलग रहता है। रविवार बाद दोपहर जब उसकी माता मजदूरी करके घर लौटी तो उसने देखा कि नीरज कमरे के दरवाजे के पास बेहोशी की हालत में पड़ा था और उसके गले में फंदा लगा हुआ था। डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित किया मामले की सूचना मिलने पर चढ़दी कला वेलफेयर सोसायटी के प्रधान मीत सिंह मीता मौके पर पहुंचे और बच्चे को तुरंत सिविल अस्पताल जैतो ले जाया गया, जहां से उसे कोटकपूरा रेफर कर दिया गया। कोटकपूरा अस्पताल में डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
मामा ने की जांच की मांग इस संबंध में मृतक के मामा दीपक ने बताया कि जब वे मजदूरी करके वापस लौटे तो नीरज रहस्यमय हालात में कमरे के अंदर पड़ा था। उन्होंने कहा कि उनका भांजा खुदकुशी नहीं कर सकता,ऐसे में मामले की जांच कर सच्चाई सामने आनी चाहिए। इस मामले में चढ़दी कला वेलफेयर सोसायटी के प्रधान मीत सिंह मीता ने कहा कि सूचना मिलते ही बच्चे को अस्पताल पहुंचाया गया था, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मामले की जांच में जुटी पुलिस इस मामले में थाना जैतो के एएसआई व जांच अधिकारी शमशेर सिंह ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। फिलहाल परिवार के सदस्यों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और शव का फरीदकोट के गुरू गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल से पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।


