फरीदकोट में गणतंत्र दिवस पर 26 जनवरी को यहां के नेहरू स्टेडियम में समारोह का आयोजन किया गया है। जिसमें राष्ट्रीय ध्वज फहराने की रस्म राज्य के मुख्यमंत्री भगवान सिंह मान द्वारा निभाई जाएगी। फरीदकोट जिले में 29 सालों के बाद राज्य के मुख्यमंत्री गणतंत्र दिवस समारोह में बतौर चीफ गेस्ट शामिल होने के लिए पहुंच रहे हैं। इससे पहले 26 जनवरी 1996 को आयोजित समारोह में तत्कालीन मुख्यमंत्री हरचरण सिंह बराड़ ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया था। जानकारी के अनुसार जिला प्रशासन द्वारा पिछले एक सप्ताह से ही गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर बड़े स्तर पर तैयारी की जा रही थी। जिससे लग रहा था कि इस बार समारोह में किसी खास मेहमान के शामिल होने की संभावना है। इसके बाद मंगलवार को सरकार ने राज्य के विभिन्न जिलों में होने वाले कार्यक्रमों के मुख्य मेहमानों की सूची जारी कर दी। जिसमें मुख्यमंत्री के आने की सूचना के बाद जिला प्रशासन और जिला पुलिस ने समारोह को लेकर तैयारियां शुरू कर दी है। हालांकि गणतंत्र दिवस का राज्य स्तरीय समारोह लुधियाना में होगा, जहां पर राज्य के महामहिम राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। वहीं फरीदकोट में जिला स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री के शामिल होने की वजह से यह समारोह भी किसी राज्य स्तरीय समारोह से कम नहीं होगा।


