पंजाब के फरीदकोट में सोमवार को स्वतंत्रता दिवस से एसएसपी फरीदकोट डॉ. प्रज्ञा जैन के नेतृत्व में पैदल मार्च निकाला। नेहरू स्टेडियम में होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में सीएम भगवंत सिंह मान द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इस कार्यक्रम को लेकर अमेरिका में बैठे आतंकी औरसिख फॉर जस्टिस प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू की धमकी के बाद पुलिस अलर्ट पर है। इसके मद्देनजर सोमवार शाम फरीदकोट पुलिस ने एसएसपी फरीदकोट डॉ. प्रज्ञा जैन के नेतृत्व में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने तथा लोगों में सुरक्षा की भावना पैदा करने के लिए फरीदकोट शहर समेत कोटकपूरा व जैतो में फ्लैग मार्च निकाले। फरीदकोट में आयोजित फ्लैग मार्च में एसएसपी डॉ प्रज्ञा जैन समेत गजटेड पुलिस अधिकारियों के साथ एआरपी टीमें, ट्रैफिक कर्मी, पीसीआर टीमें और करीब 250 पुलिस कर्मचारी भी शामिल हुए। यह फ्लैग मार्च थाना सिटी से शुरू हुआ जो भाई घन्हैया चौक, घंटा घर चौक, हक्की चौक, जुबली चौक और शहर के अन्य इलाकों से गुजरा। इस अवसर पर एसपी मनविंदर बीर सिंह एसपी संदीप कुमार एसपी भी हाजिर रहे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए तैनात होंगे 2 हजार पुलिस कर्मी-एसएसपी
एसएसपी डॉ. प्रज्ञा जैन ने बताया कि इस बार स्वतंत्रता दिवस पर फरीदकोट जिले में राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया जा रहा है। जिसके मद्देनजर, सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए फरीदकोट पुलिस द्वारा लगभग 2 हजार पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है और फरीदकोट पुलिस कड़ी नाकाबंदी, गश्त और सीसीटीवी कैमरों व ड्रोन कैमरों के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है। साथ ही, उन्होंने बताया कि यहां आने वाली जनता को यातायात संबंधी किसी भी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े, इसके लिए उचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने जनता से अपील की कि अगर उन्हें कोई अवांछित वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे, तो वे तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें।


