पंजाब में श्री दरबार साहिब अमृतसर से शुक्रवार सुबह चोरी किए गए मासूम बच्चे को पुलिस ने फरीदकोट में बरामद कर लिया गया है। चोरी करने के बाद एक महिला द्वारा बच्चे को पीआरटीसी बस से बठिंडा ले जाया जा रहा था और पुलिस की सूचना के बाद ड्राइवर और कंडक्टर उक्त बस को फरीदकोट के थाना जैतो में लेकर पहुंच गए। इसके बाद पुलिस ने महिला को हिरासत में लेकर चोरी हुए बच्चे को भी सकुशल बरामद कर लिया। केस की जांच अमृतसर पुलिस द्वारा की जा रही है और फरीदकोट पुलिस की सूचना के बाद वह जल्द ही थाना जैतो में पहुंच कर आगे की कार्रवाई शुरू करेगी। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह ही श्री दरबार साहिब से एक बच्चे को चोरी किए जाने की घटना सामने आई थी और सूचना के बाद हरकत में आई अमृतसर पुलिस ने बच्चा चोरी करने वाली महिला की तलाश में जुट गई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस को इनपुट मिला की यह महिला बच्चे को साथ लेकर अमृतसर के बस स्टैंड से बठिंडा जाने वाली पीआरटीसी बस में सवार हुई है। इसके बाद पुलिस ने उक्त पीआरटीसी बस के ड्राइवर और कंडक्टर से संपर्क साधा और उन्हें महिला और बच्चे की फोटो भेज कर हालात की जानकारी दी। ड्राइवर-कंडक्टर को बस को थाने ले गए
महिला के बस में ही होने की सूचना के बाद पुलिस ने ड्राइवर-कंडक्टर को बस नजदीक के किसी थाने में ले जाने की हिदायत दी। जिस समय पुलिस की यह हिदायत आई तब तक यह बस फरीदकोट के गांव गुरु की ढाब के पास पहुंच चुकी थी, जिसके चलते ड्राइवर और कंडक्टर बस को थाना जैतो में ले आए। बस के कंडक्टर ने बताया कि पुलिस की हिदायत पर वह बस को थाने में लेकर आए है। जब उक्त महिला से बातचीत की गई तो उसने दावा किया कि उसने यह बच्चा डेढ़ लाख रुपए में खरीदा है। इस मामले में थाना जैतों के एसएचओ नवप्रीत सिंह ने कहा कि सारा मामला अमृतसर पुलिस देख रही है। ऐसे में वह इस पर कोई टिप्पणी नहीं कर सकते।


