रांची में रिम्स-2 का सपना साकार होगा। जल्द राज्यवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए नए मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल खोला जाएगा। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने दावा किया है कि वे किसी भी हाल में रांची में रिम्स-2 बनाकर रहेंगे। रिम्स-2 का निर्माण फरीदाबाद के अमृता मेडिकल कॉलेज (अमृता हॉस्पिटल) के तर्ज पर किया जाएगा। बुधवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और विभागीय अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह ने अमृता हॉस्पिटल का दौरा कर वहां मिलने वाली सुविधाओं को बारीकी से समझा। अस्पताल प्रबंधन से सभी तरह की जानकारियां ली। दौरे के बाद मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि राज्य में स्वास्थ्य विभाग में बदलाव के साथ-साथ हाईटेक बनाने की दिशा में काम करना है। अमृता हॉस्पिटल उन हाईटेक हॉस्पिटल में से एक है। मैंने सचिव के साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश में वहां जाकर विजिट की है। वहां की व्यवस्था देख काफी खुशी हुई। जल्द इसे झारखंड में इंप्लीमेंट किया जाएगा। मुख्यमंत्री के साथ इसे लेकर दो घंटे बात हुई है और उन्होंने इसके लिए हरी झंडी दे दी है। मिलेंगी सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं रिम्स-2 परियोजना झारखंड सरकार की स्वास्थ्य क्षेत्र में बेहतरीन पहल का हिस्सा है। यह अस्पताल न केवल सुपर स्पेशियलिटी सेवाएं प्रदान करेगा, बल्कि इसमें अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक सुविधाएं, मल्टी-स्पेशियलिटी विभाग और रिसर्च सेंटर भी होंगे। डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि इस परियोजना का लक्ष्य झारखंड के लोगों को उनके राज्य में ही विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें इलाज के लिए अन्य राज्यों या देशों की ओर रुख न करना पड़े। यह परियोजना ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के मरीजों के लिए काफी लाभकारी साबित होगी।


