हरियाणा के फरीदाबाद में एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की पत्थरों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या को हादसा दिखाने के लिए उसके शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। ट्रेन की चपेट में आने से शव बुरी तरह क्षतिग्रसत हो गया, जिससे उसकी पहचान नहीं हो पाई। पुलिस ने भी इसे ट्रेन हादसा मानते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पहचान नहीं होने पर अंतिम संस्कार भी कर दिया। मगर, 50 दिन बाद पुलिस के पास पहुंचे एक युवक ने अपने भाई के लापता होने की शिकायत दी। पुलिस ने जब शव के फोटो और कपड़े दिखाई तो युवक ने उसकी पहचान अपने भाई सुमन के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने इन्वेस्टिगेशन आगे बढ़ाई तो सबसे पहला शक सुमन की पत्नी अंजनी पर गया, जो उसके लापता होने के बाद से ही अपने मायके चली गई थी। पुलिस ने उसे थाने बुलाकर पूछताछ की तो उसने प्रेमी संग मिलकर सुमन की हत्या की बात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने अंजनी के प्रेमी को भी गिरफ्तार कर लिया। सोमवार को पुलिस ने इस केस का खुलासा किया तो हर कोई मर्डर की कहानी को जानकार हैरान रह गया। पहले जानिए लापता होने से शव मिलने तक की कहानी… एक कंपनी में काम करते थे महिला और प्रेमी
जांच में सामने आया कि सुमन की पत्नी अंजनी और उसका प्रेमी रिआउल, दोनों मेवला महाराजपुर में किराए के एक मकान में रहते थे। अंजनी और रिआउल एक ही कंपनी में काम करते थे, जहां से उनके बीच जान-पहचान हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता प्रेम प्रसंग में बदल गया। सुमन को जब इस अवैध संबंध की जानकारी हुई, तो वह इसका विरोध करने लगा, जिसके चलते दोनों ने उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची। नशे की हालत में पत्थर से सिर पर किए वार
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि साजिश के तहत सुमन को रेलवे ट्रैक के आसपास के इलाके में बुलाया गया। बातचीत के बहाने उसे पहले शराब पिलाई गई। नशे की हालत में आने के बाद पत्थर से उसके सिर पर कई वार किए गए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हत्या के बाद शव को उठाकर रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया, ताकि यह मामला ट्रेन हादसा प्रतीत हो सके। हत्या के बाद पत्नी चली गई थी ससुराल
इसी दौरान एक ट्रेन गुजरने से सुमन का सिर दो टुकड़ों में हो गया, जिससे उसकी पहचान कर पाना बेहद मुश्किल हो गया। पुलिस ने बताया कि हत्या के बाद अंजनी अपने ससुराल गोंडा, झारखंड चली गई थी और वहां चुपचाप रहने लगी। जब उसे लगा कि मामला शांत हो गया है और किसी को कुछ पता नहीं चल पाया है, तो वह दोबारा फरीदाबाद लौट आई। सुमन के भाई द्वारा दर्ज कराई गई गुमशुदगी की शिकायत में यह तथ्य सामने आया कि सुमन के लापता होने के तुरंत बाद अंजनी का अचानक झारखंड जाना संदेहास्पद था, जिससे पुलिस का शक और गहरा हो गया। पुलिस की सख्ती पर दोनों ने कबूला जुर्म
पूछताछ के दौरान जब पुलिस ने सख्ती से सवाल किए, तो अंजनी और उसके प्रेमी रिआउल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। एसीपी क्राइम वरुण कुमार दहिया ने बताया कि सुमन एक ऑटो चालक था और अपने ऑटो से परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके दो बच्चे हैं। सुमन और अंजनी की शादी करीब 15 साल पहले हुई थी और दोनों मूलरूप से गोंडा झारखंड के रहने वाले थे। वहीं आरोपी प्रेमी रिआउल मूलरूप से मालदा पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। दोनों आरोपियों को रिमांड पर लिया- एसीपी
एसीपी वरुण दहिया ने बताया कि फिलहाल दोनों आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लिया गया है और उनसे हत्या से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पूछताछ पूरी होने के बाद दोनों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।


