मध्य प्रदेश के भिंड जिले में एक युवक ने धार्मिक पहचान को लेकर 2 कथित साधुओं को बेरहमी से पीटा। युवक ने थप्पड़ मारे, उनके बाल खींचे और जमीन पर पटक दिया। उसने भीड़ के सामने उन्हें गालियां भी दीं। उनकी जाति के बारे में पूछा और सबूत मांगा कि वे ब्राह्मण हैं कि नहीं। इसके साथ ही महाभारत के पात्रों के नाम पूछे। भगवान शंकर की पत्नी, लक्ष्मण की पत्नी और रामायण से जुड़ी चौपाइयों के बारे में भी सवाल किए गए। जब साधु ब्राह्मण होने का सबूत नहीं दे पाए, तो युवक ने फिर पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान भीड़ ने मारपीट का वीडियो बनाया, लेकिन युवक को पीटने से नहीं रोका। लोगों ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। मामला बाईपास क्षेत्र के निरंजन वाटिका का है। पहले मारपीट से जुड़ी ये 3 तस्वीरें देखिए…
अब सिलसिलेवार पढ़िए पूरी वारदात… दरअसल, बायपास क्षेत्र में 2 कथित साधु भगवा चोला पहने हुए भिक्षा मांग रहे थे। इस दौरान एक स्थानीय युवक मौके पर पहुंचा। दोनों साधुओं से सवाल-जवाब करने लगा। साधु सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए, जिससे युवक भड़क गया। इस दौरान युवक ने नकली साधु बताते हुए मारपीट की। वीडियो में युवक यह कहते हुए भी नजर आ रहा है कि साधुओं के पास मौजूद कुछ दस्तावेज उर्दू भाषा में लिखे हुए हैं। उसने सवाल उठाया कि अगर वे हिंदू साधु हैं तो उर्दू में लिखे कागजात क्यों रखे हैं। मारपीट के बाद डरे सहमे दिख साधु युवक ने साधुओं के बैग में आपत्तिजनक सामग्री होने का दावा भी किया। वारदात के वक्त मौके पर मौजूद लोग तमाशबीन बने रहे। किसी ने बीच-बचाव करने की कोशिश नहीं की, जिससे स्थिति और ज्यादा बिगड़ गई। मारपीट के बाद दोनों कथित साधु डरे-सहमे नजर आए। पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर कर रही जांच वहीं स्थानीय पुलिस का कहना है कि साधुओं से मारपीट का मामला सामने आया है। वीडियो फुटेज जब्त कर लिए गए हैं। आसपास लगे CCTV कैमरों की भी जांच की जा रही है। कानून हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है। पुलिस ने कहा कि धार्मिक पहचान के आधार पर पूछताछ करना और मारपीट करना गंभीर अपराध है। हालांकि थाने में साधुओं ने कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। वायरल वीडियो के आधार पर मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। साधुओं और आरोपी की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
………………… इससे संबंधित यह खबर भी पढ़ें ग्वालियर में नकाबपोशों ने साधुओं को डंडे-सरिए से पीटा: आश्रम में घुसकर हमला किया; 50 हजार नकद, मोबाइल-लैपटॉप, कार ले गए 7 महीने पहले ग्वालियर में घाटीगांव के वनखंडी आश्रम में तीन नकाबपोश बदमाशों ने साधुओं पर सरियों और डंडों से हमला कर दिया। उनके पास से 50 हजार रुपए नकद, एक लैपटॉप, दो मोबाइल और एक कार लूटकर फरार हो गए। पढ़ें पूरी खबर…


