राजनांदगांव जिला पुलिस ने शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर 82 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी धनीराम सिन्हा ने विभिन्न लोगों से लगभग 82 लाख 50 हजार रुपए की ठगी की थी। यह मामला तब सामने आया जब प्रार्थियों ने बसंतपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि गोकुलनगर निवासी धनीराम सिन्हा (40 वर्ष) उन्हें शेयर मार्केट में पैसा दोगुना करने का लालच देकर ठगी कर रहा था। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज किया। गाजियाबाद में छिपा था आरोपी, पुलिस ने पकड़ा पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा (आईपीएस) के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी एमन साहू के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद पुलिस को पता चला कि आरोपी उत्तर प्रदेश में छिपा हुआ है। टीम ने गाजियाबाद के ग्रेटर नोएडा (गौर सिटी) क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। आरोपी के पास से एटीएम कार्ड, मोबाइल फोन बरामद आरोपी के पास से पुलिस ने चार एटीएम कार्ड, एक पासबुक और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि धनीराम सिन्हा के खिलाफ केवल बसंतपुर ही नहीं, बल्कि डोंगरगढ़ और जिला दुर्ग में भी धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को राजनांदगांव के न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय द्वारा जेल वारंट जारी किए जाने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


