भ्रष्टाचार के खिलाफ जांच करने वाली एजेंसी एसीबी-ईओडब्ल्यू का अफसर बनकर अधिकारी और कर्मचारियों से पैसा वसूलने वाले कांग्रेसी नेता को बुधवार आधी रात टिकरापारा पुलिस ने हिरासत में ले लिया। कांग्रेसी नेता के खिलाफ जालसाजी, ब्लैकमेलिंग और वसूली का केस दर्ज किया गया है। आरोप है कि नेता ने एक महिला पटवारी के कारोबारी पति को ब्लैकमेल किया।
भ्रष्टाचार के मामले में फंसाने की धमकी देकर पटवारी के पति से एक करोड़ रुपए की मांग की। पैसा नहीं देने पर कार्रवाई करने की धमकी दी। चर्चा है कि अलग-अलग विभाग के कई अधिकारियों और कर्मचारियों से आरोपी ने वसूली की है। पुलिस ने आरोपी के घर पर छापेमारी की है। जहां जांच चल रही है। प्रारंभिक जांच में प्रॉपर्टी के दस्तावेज, कैश, सोने-चांदी के जेवर और मोबाइल जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि देवपुरी निवासी राजेश सोनी का रियल एस्टेट का कारोबार है। उनकी पत्नी सारिका सोनी पटवारी हैं। पिछले कई माह से कांग्रेसी नेता हसन आबिदी उन्हें परेशान कर रहा है। हसन ने खुद को एसीबी-ईओडब्ल्यू का अधिकारी बनकर फोन किया। वह लगातार राजेश को धमकी दे रहा है कि उनकी पत्नी के खिलाफ विवेक नाम के व्यक्ति ने भ्रष्टाचार की शिकायत की है। पटवारियों के खिलाफ एजेंसी लगातार कार्रवाई कर रही है। उनकी पत्नी को भी ट्रैप किया जाएगा। राजेश ने कहा कि उनकी पत्नी इस तरह के किसी काम में नहीं रहती। शिकायत झूठी है। तब हसन ने कहा कि यह जांच में पता चलेगा। उनके घर पर छापेमारी की जाएगी। इस शिकायत को ईडी और सीबीआई को भी फारवर्ड किया जाएगा। इससे राजेश डर गए। हसन ने उनसे कुछ पैसे भी लिए हैं। अब ढाई करोड़ की मांग कर रहा है। राजेश के मुताबिक आरोपी कार्रवाई की लगातार धमकी दे रहा है। तनाव में उनकी पत्नी की तबीयत बिगड़ गई है। सिमरन सिटी में जमीन कराई रजिस्ट्री : पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में खुलासा हुआ है कि एक अधिकारी को ब्लैकमेलिंग कर हसन ने सिमरन सिटी में 3500 वर्ग फीट जमीन की रजिस्ट्री कराई है। जमीन को अपने नाम पर न खरीदकर रिश्तेदारों के नाम पर खरीदा है। वह एक अन्य अधिकारी से 50 लाख रुपए वसूल चुका है। कांग्रेस के बड़े नेताओं के साथ आरोपी की फोटो वायरल
पुलिस जब आरोपी को पकड़ने गई तो वह कांग्रेस के बड़े नेताओं का पहुंच बताने लगा। उनके साथ अपनी तस्वीर भी दिखाई। वह पहले पूर्व महापौर के साथ घूमता था। अभी कांग्रेसी नेता सन्नी अग्रवाल के साथ घूम रहा है। खुद को कांग्रेस का कार्यकर्ता बताता है।


